देश की खबरें | मणिपुर विधानसभा अध्यक्ष जद(यू) विधायकों के दल-बदल विरोधी मामले की सुनवाई सात फरवरी को करेंगे

इंफाल, चार फरवरी मणिपुर विधानसभा अध्यक्ष सात फरवरी को जनता दल (यूनाइटेड) के पांच विधायकों के दल-बदल विरोधी मामले की सुनवाई करेंगे, जो 2022 में राज्य विधानसभा चुनाव जीतने के तुरंत बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए थे। मामले से जुड़े एक वकील ने यह जानकारी दी।

विधानसभा से पांचों विधायकों को अयोग्य ठहराने की मांग वाली याचिका विधानसभा के न्यायाधिकरण में मणिपुर कांग्रेस के उपाध्यक्ष हरेश्वर गोस्वामी ने दायर की थी।

गोस्वामी के वकील एन भूपेंद्र मेइती के अनुसार, विधानसभा अध्यक्ष थोकचोम सत्यब्रत सिंह ने कहा है कि शुक्रवार को मामले में सुनवाई की जाएगी।

मार्च 2022 में हुए विधानसभा चुनावों में जद(यू) ने 38 निर्वाचन क्षेत्रों में से छह पर जीत हासिल की थी। भाजपा में शामिल होने वाले जद(यू) विधायकों में के. जॉयकिशन, एन सनाटे, एमडी अचब उद्दीन, एल. एम. खौटे और थंगजाम अरुणकुमार शामिल हैं।

मेइती ने कहा, ‘‘केवल के. जॉयकिशन ने जवाबी हलफनामा दाखिल किया है, जबकि अन्य ने ऐसा नहीं किया है। अध्यक्ष सात फरवरी को अगली सुनवाई करेंगे।’’

कांग्रेस ने भी पिछले महीने भाजपा नीत सरकार को समर्थन देने के लिए नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के चार विधायकों के खिलाफ अयोग्यता याचिका दायर की थी, जबकि पार्टी ने दो महीने पहले आधिकारिक तौर पर सत्तारूढ़ मोर्चे से संबंध तोड़ लिए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)