देश की खबरें | मणि मंजरी राय मौत प्रकरण : आरोपी वाहन चालक गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मनियर नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी मणि मंजरी राय की मौत के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को आरोपी वाहन चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
बलिया (उप्र), 16 जुलाई मनियर नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी मणि मंजरी राय की मौत के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को आरोपी वाहन चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक संजय यादव ने बताया कि पुलिस ने वाहन चालक चंदन वर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
उन्होंने बताया कि इस मामले में आरोपी नगर पंचायत अध्यक्ष भीम गुप्ता सहित दो अन्य कर्मचारियों विनोद सिंह व अखिलेश की भी गिरफ्तारी का प्रयास जारी है ।
उल्लेखनीय है कि मनियर नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी मणि मंजरी राय ने गत छह जुलाई की रात बलिया शहर में स्थित आवास पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उन्होंने सुसाइड नोट भी छोड़ा था।
पुलिस के अनुसार अधिशासी अधिकारी ने सुसाइड नोट में लिखा था, ''सॉरी भैया, सॉरी मम्मी—पापा। दिल्ली, बनारस हर जगह से खुद को संभालकर आ गई लेकिन यहां आकर मेरे साथ बहुत छलावा हुआ। मुझे फंसाया गया पूरी रणनीति के तहत। मुझे माफ कर दीजिए।''
इस मामले में बलिया शहर कोतवाली में भारतीय दंड विधान की धारा 306 (आत्महत्या करने के लिए उकसाने) के तहत मनियर नगर पंचायत अध्यक्ष भीम गुप्ता, सिकंदरपुर नगर पंचायत के मौजूदा अधिशासी अधिकारी संजय राव, टैक्स लिपिक विनोद सिंह, कम्प्यूटर ऑपरेटर अखिलेश, वाहन चालक चंदन वर्मा और कुछ अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था।
गाजीपुर जिले के भांवरकोल थाना क्षेत्र के कनुवान गांव निवासी मणि मंजरी के भाई विजया नन्द राय की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। विजया नन्द राय ने बुधवार को जिलाधिकारी से मुलाकात कर इस मामले की सीबीआई जांच के लिए मुख्यमंत्री को सम्बोधित पत्र दिया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)