कोलकाता, 31 मार्च पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सोमवार को ईद-उल-फित्र के दिन रिजवानुर रहमान के घर पहुंचीं और परिवार के सदस्यों को उपहार सौंपे। वर्ष 2007 में राज्य में वाम मोर्चा के सत्ता में रहने के दौरान रिजवानुर रहमान की अस्वभाविक मौत हो गई थी।
बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद अभिषेक बनर्जी शहर के पार्क सर्कस इलाके में रिजवानुर के घर पर करीब 30 मिनट रहे।
वर्ष 2007 में रिजवानुर की मौत के बाद बनर्जी ने बुद्धदेव भट्टाचार्य के नेतृत्व वाली राज्य की तत्कालीन वाम मोर्चा सरकार के खिलाफ आंदोलन का नेतृत्व किया था और इस मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) जांच की मांग की थी।
रिजवानुर एक उद्योगपति की बेटी से शादी के एक महीने बाद कोलकाता में रेल की पटरी के पास मृत पाये गए थे।
मुख्यमंत्री ने रिजवानुर के घर पर उनकी मां और उनके भाई रुकबानुर रहमान से बात की, जो टीएमसी के विधायक भी हैं। बनर्जी ने रिजवानुर को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री बनर्जी अपने वाहन से उतरने के बाद करीब एक किलोमीटर पैदल चलीं और स्थानीय लोगों को ईद-उल-फित्र की बधाई दी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY