नयी दिल्ली, तीन नवंबर सगामी खाड़ी में छह नवंबर को होने वाले इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू (आईआरएफ) में हिस्सा लेने के लिए भारतीय नौसेना के दो अग्रणी युद्धपोत जापान के योकोसुका पहुंच चुके हैं। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस शिवालिक और कमोर्ता योकोसुका में आठ से 18 नंवबर को होने वाले चार देशें के मालाबार युद्धाभ्यास में भी हिस्सा लेंगे।
मालाबार युद्धाभ्यास भारत, जापान, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया की नौसेनाओं द्वारा किया जाएगा। यह युद्धाभ्यास ऐसे समय किया जा रहा है जब चीन की दक्षिण चीन सागर और पूर्वी चीन सागर में बढ़ती सैन्य ताकत को लेकर वैश्चिक चिंता बढ़ती जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि युद्धाभ्यास के दौरान जटिल सतह, उप सतह और हवाई हमले और गोलाबारी के अभ्यास सहित युद्ध के विभिन्न पहलुओं का पूर्वाभ्यास होगा।
उन्होंने बताया कि जापान सुमद्री आत्मरक्षा बल (जेएमएसडीएफ) के स्थापना के 70 साल होने के अवसर पर तोक्यो आईएफआर की मेजबानी कर रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि भारत के अलावा आईएफआर में ऑस्ट्रेलिया, ब्रुनेई, कनाडा, इंडोनेशिया, मलेशिया, पाकिस्तान, दक्षिण कोरिया, सिंगापुर, थाईलैंड, ब्रिटेन और अमेरिका की नौसेनाएं हिस्सा लेंगी।
उन्होंने बताया कि आईएफआर का निरीक्षण जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा करेंगे और इसमें शामिल हो रहे देशों के 40 पोत और पनडुब्बियां हिस्सा ले रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि आईएफआर संपन्न होने के बाद भारतीय नौसेना के युद्धपोत मालाबार नौसेना युद्धाभ्यास के 26वें संस्करण में ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका की नौसेनाओं के साथ हिस्सा लेंगे।
उन्होंने बताया कि इन दो युद्धपोतों के अलावा भारतीय नौसेना पी-8आई लंबी दूरी तय करने वाली समुद्री टोही और पनडुब्बी रोधी विमान सहित अन्य साजों सामान की तैनाती करेगी।
एक अधिकारी ने बताया कि आईएनएस शिवालिक बहुत उद्देशीय निर्देशित मिसाइल स्टील्थ फ्रिगेट है जबकि आईएनएस कमोर्ता पनडुब्बी रोधी पोत है और दोनों पोत भारतीय नौसेना के विशाखापत्तनम स्थिति पूर्वी बेड़े का हिस्सा हैं।
अधिकारियों ने बताया कि भारतीय नौसेना के पूर्वी बेडे के कमांडर रियर एडमिरल संजय भल्ला मालाबार युद्धाभ्यास के दौरान अमेरिकी नौसेना के सातवें बेड़े के कमांडर और एस्कोर्ट फोर्स-3 (जेएमएसडीएफ) कमांडर के साथ युद्ध तैयारियों पर चर्चा करेंगे।
गौरतलब है कि भारत के न्योते पर वर्ष 2020 में ऑस्ट्रेलिया ने पहली बार मालाबार में हिस्सा लिया। इसमें हिस्सा लेने वाले चारों देश क्वॉड के सदस्य हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY