देश की खबरें | राजस्थान को अपराध मुक्त और भ्रष्टाचार मुक्त बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता: मंत्री

जयपुर, तीन मार्च राजस्थान के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था बनाते हुए अपराध मुक्त और भ्रष्टाचार मुक्त राजस्थान बनाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मंत्री ने कहा, ‘‘अपराध के खिलाफ राजस्थान पुलिस कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनाकर सख्त कार्रवाई कर रही है। जनता के सम्मान, जीवन और संपत्ति की सुरक्षा करना हमारी सरकार का प्रथम कर्तव्य है।’’

गृह एवं कारागार मंत्री बेढ़म सोमवार को विधानसभा में गृह विभाग की (मांग संख्या-18) एवं कारागार विभाग की (मांग संख्या-19) अनुदान मांगों पर हुई बहस का जवाब दे रहे थे।

उन्होंने कहा कि सरकार का ध्येय ‘कौटिल्य के अर्थशास्त्र में वर्णित ‘प्रजा के सुख में शासक का सुख निहित है, प्रजा के हित में उसे अपना हित दिखना चाहिए’ के अनुरूप है।

उन्होंने कहा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पूर्ण संवेदनशीलता के साथ इस दिशा में अहम निर्णय ले रहे हैं।

चर्चा के बाद सदन ने गृह विभाग की 11657.07 करोड़ रुपये और कारागार विभाग की 360.47 करोड़ रुपये की अनुदान मांगें ध्वनिमत से पारित कर दी।

बेढ़म ने कहा कि हमारी सरकार आने के बाद अपराधियों में भय बढ़ा है।

उन्होंने कहा, ‘‘राज्य में 2023 में जहां 2,31,240 प्रकरण दर्ज हुए थे। इसके बाद वर्ष 2024 में 2,13,351 प्रकरण ही दर्ज हुए। ऐसे में 17,889 प्रकरणों की कमी आई है। यह 7.74 प्रतिशत की गिरावट है। ये आंकड़े हमारी सरकार में अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त से सख्त कार्रवाई की स्थिति को दर्शाते हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)