देश की खबरें | जिलों की विशिष्ट आवश्यकताओं के आधार पर योजनाएं बनाएं जिलाधिकारी : स्टालिन

नागपट्टिनम (तमिलनाडु), 26 अगस्त तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने समग्र विकास के महत्व पर जोर देते हुए शनिवार को जिलाधिकारियों से अपने जिलों की विशिष्ट आवश्यकताओं के आधार पर योजनाएं बनाने का आग्रह किया।

स्टालिन ने कहा कि जिलों का विकास केवल कृषि पर निर्भर न होकर औद्योगिक विकास एवं अन्य क्षेत्रों पर भी आधारित होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने विकास कार्यक्रमों को लागू करने की गति की समीक्षा करने की योजना 'काला अइविल मुथलमाइचर' के मूल्यांकन के अवसर पर जिलाधिकारियों से कहा, ‘‘ जिलाधिकारी के रूप में आपको इस संबंध में सरकारी योजनाओं को लागू करना चाहिए। साथ ही, अपने जिलों की विशेष आवश्यकताओं को ध्यान में रखें और उचित कार्रवाई के लिए उन्हें राज्य सरकार के समक्ष रखें। ’’

उन्होंने नागपट्टिनम, तिरुवरुर, तंजावुर और मयिलादुथुराई जिलों के अधिकारियों को पट्टा हस्तांतरण, पट्टा के अनुरोधों का समाधान करने और बच्चों के लिए सरकार के पोषण कार्यक्रम को लागू करने पर ध्यान देने की भी सलाह दी।

स्टालिन ने कहा, ‘‘इसके अलावा, उन क्षेत्रों में कृषि उत्पादकता बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करें जहां खेती में गिरावट देखी गई है। उपज का बाजार मूल्य सुनिश्चित करने के लिए भी कदम उठाए जाने चाहिए। ’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिलाधिकारियों को महिला स्व-सहायता समूहों को ऋण देने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए, क्योंकि आर्थिक विकास और सरकारी योजनाओं के अलावा बैंक ऋण प्रगति के लिए महत्वपूर्ण है।

इसके अलावा, उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे पूर्वोत्तर मानसून की शुरुआत से पहले सभी लंबित सड़क कार्यों में तेजी लाएं ताकि लोगों की परेशानियां कम हो।

स्टालिन ने जिलाधिकारियों से कहा, ‘‘ मुझे आशा है कि आप समीक्षा बैठक में चर्चा के अनुसार सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने में सक्षम होंगे।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)