देश की खबरें | मजीठिया ने पंजाब सरकार, निजी चीनी मिलों से गन्ने का बकाया चुकाने की मांग की

फगवाड़ा (पंजाब), 16 अगस्त पंजाब के पूर्व मंत्री एवं शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने मंगलवार को राज्य सरकार के साथ-साथ निजी चीनी मिलों से गन्ना किसानों का बकाया चुकाने की मांग की।

मजीठिया ने उत्तर प्रदेश और हरियाणा की तर्ज पर पंजाब में भी गन्ने की दर बढ़ाने की मांग की।

मादक पदार्थ मामले में हाल ही में पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय से जमानत मिलने के बाद पटियाला जेल से रिहा हुए मजीठिया ने कहा कि यह उनके संज्ञान में लाया गया है कि किसान यहां विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और यहां एक स्थानीय चीनी मिल से गन्ने के अपने बकाया 72 करोड़ रुपये की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को उनका हक मिलना चाहिए।

इससे पहले मेहली-मेहतन फगवाड़ा बाईपास के भुल्लरई अंडरपास पर अकाली कार्यकर्ताओं ने मजीठिया का जोरदार स्वागत किया। शिअद के नेता अमृतसर के स्वर्ण मंदिर जा रहे थे, जहां वह मत्था टेकेंगे।

मजीठिया ने संवाददाताओं से बातचीत में पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्होंने फरवरी के राज्य विधानसभा चुनाव में दोनों सीटों - चमकौर साहिब और भदौर हारकर "इतिहास" बनाया। उन्होंने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ जब किसी मौजूदा मुख्यमंत्री ने दोनों सीटों पर हार का सामना किया।

मजीठिया ने चन्नी पर बदले की राजनीति करने और उन्हें नशे के मामले में फंसाने का आरोप लगाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री से सवाल किया कि उन्हें इस ‘‘घृणा और प्रतिशोध की राजनीति’’ से क्या मिला। मजीठिया ने कहा, ‘‘चन्नी साहब अमेरिका चले गए हैं और अभी तक नहीं लौटे हैं।’’

पूर्व विधायक नवजोत सिंह सिद्धू का नाम लिए बगैर मजीठिया ने कहा कि उनके खिलाफ दिन-रात काम करने वाला दूसरा व्यक्ति पटियाला जेल में उनके साथ था।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं उनके लिए भी प्रार्थना करता हूं क्योंकि जब कोई नेता जेल जाता है, तो उसके परिवार को बहुत दुख होता है।’’

मजीठिया रास्ते में, नवांशहर के खटकर कलां में भगत सिंह स्मारक भी गए। अमृतसर जाते समय पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा, ‘‘कल मैं अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में मत्था टेकूंगा।’’

उन्होंने आप सरकार पर लोगों के साथ धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए निशाना साधा और कहा कि सत्ता में आने के तीन महीने के भीतर ही संगरूर उपचुनाव में उसकी हार ने ‘‘उसका असली चेहरा उजागर कर दिया है।’’

दाखा से अपनी पार्टी के विधायक के सवाल पर मजीठिया ने कहा कि विधायक मनप्रीत सिंह अयाली उनके भाई जैसे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम एक परिवार हैं और एक परिवार ही रहेंगे।’’

अयाली ने पंजाब विधानसभा चुनावों में पार्टी की शर्मनाक हार के कारणों का विश्लेषण करने के लिए गठित इकबाल सिंह झुंडन समिति की सिफारिशों को लागू करने की मांग की थी। शिअद ने 117 सदस्यीय पंजाब विधानसभा के लिए हाल में चुए चुनाव में सिर्फ तीन सीटें जीती थीं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)