देश की खबरें | मध्यप्रदेश के खरगोन में साम्प्रदायिक दंगे का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

खरगोन (मप्र), 31 जुलाई मध्यप्रदेश के खरगोन शहर में इस साल अप्रैल में हुए साम्प्रदायिक दंगे के मामले में फरार मुख्य आरोपी को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

खरगोन शहर में 10 अप्रैल को राम नवमी पर शोभायात्रा के दौरान पथराव के बाद आगजनी हुई थी, जिसके कारण वहां प्रशासन को 24 दिनों तक कर्फ्यू लगाना पड़ा था।

पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिह यादव ने मीडिया को बताया कि समीर उल्ला खान (30) के खिलाफ 10 अपराध दर्ज है और वह खरगोन शहर में हुए दंगे के बाद से फरार चल रहा था।

उन्होंने कहा कि हाल ही में जिला दंडाधिकारी ने उसके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) भी लगाया है।

यादव ने बताया, ‘‘एनएसए के वारन्ट के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस की विशेष टीम ने की है। एनएसए के आधार पर उसे जेल भेजा जायेगा।’’

उन्होंने कहा कि खरगोन शहर में हुए दंगे को लेकर भी आरोपी समीर के खिलाफ कोतवाली पुलिस थाने में मामला दर्ज है। अदालत से पुलिस रिमांड लेकर उससे इस बारे में पूछताछ भी की जायेगी।

यादव ने बताया कि समीर पर पुलिस ने 10,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि समीर गत वर्षों में 9 संज्ञेय और 2 असंज्ञेय आपराधिक वारदातों को अंजाम दे चुका है, और इसका सबसे ज्वलंत उदारहण 10 अप्रैल 2022 को रामनवमी के जुलूस के दौरान उपजे साम्प्रदायिक दंगे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)