देश की खबरें | महाराष्ट्र: शरद पवार मंगलवार से औरंगाबाद का दो दिवसीय दौरा करेंगे

औरंगाबाद (महाराष्ट्र), 14 अगस्त राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार मंगलवार से औरंगाबाद का दो दिवसीय दौरा करेंगे, जिस दौरान वह दिवंगत मराठी कवि व गीतकार नामदेव धोंडो महानोर तथा शिक्षाविद प्रतापराव बोराडे की स्मृति में आयोजित शोक सभाओं में शामिल होंगे।

पार्टी के स्थानीय कार्यालय द्वारा सोमवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, पवार पुणे जिला स्थित अपने गृह नगर बारामती से एक हेलीकॉप्टर से औरंगाबाद पहुंचेंगे।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि मंगलवार शाम, वह राज्यसभा सदस्य महानोर के लिए आयोजित एक शोकसभा में शामिल होंगे।

पवार बुधवार को पलासखेडा जाएंगे जो प्रख्यात कवि एवं गीतकार महानोर का पैतृक गांव है।

राकांपा प्रमुख, शिक्षाविद एवं महात्मा गांधी मिशन के पूर्व न्यासी बोराडे के घर जाएंगे, जिनका इस महीने की शुरूआत में निधन हो गया था।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री शहर में महात्मा गांधी मिशन विश्वविद्यालय परिसर में बोरोडे के लिए आयोजित शोक सभा में शामिल होंगे।

विज्ञप्ति के अनुसार, वह औरंगाबाद में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)