मुंबई ,दो जून मुंबई के बांद्रा में सार्वजनिक स्थान पर संबंध बनाने से इनकार करने पर महिला मित्र का गला दबाने का प्रयास करने तथा उसका सिर चट्टान में मारने के आरोप में 28 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि कथित हमले में गंभीर रूप से घायल हुई महिला की हालत स्थिर है। उसके दोस्त के खिलाफ हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि घटना बुधवार की है, जब दोनों लोग ‘बांद्रा बैंडस्टैंड’ पर गए थे। पुलिस ने बताया कि आरोपी आकाश मुखर्जी मुंबई के बाहरी इलाके कल्याण का रहने वाला है, वह और उसकी महिला मित्र (28) कई वर्षों से साथ थे और एक ही कंपनी में काम करते थे।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को दोनों एक लोकल ट्रेन से कल्याण से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पहुंचे और शाम को बांद्रा बैंडस्टैंड जाने से पहले गेटवे ऑफ इंडिया और गिरगांव चौपाटी जैसे पर्यटक स्थल गए।
एक अधिकारी ने बताया कि कुछ वक्त के बाद मुखर्जी ने अपनी महिला मित्र को बताया कि उसने विवाह करने के लिए महिला का धर्म अपना लिया है। इसके बाद उसने महिला से अनुचित मांग की और महिला के इनकार करने पर मुखर्जी ने कथित तौर पर उसका गला दबाने का प्रयास किया और उसका सिर चट्टान से टकरा दिया।
अधिकारी के अनुसार आरोपी ने महिला को एक नाले में भी डुबोने की कोशिश की, लेकिन महिला के चिल्लाने पर लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर महिला को अस्पताल भेजा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY