देश की खबरें | महाराष्ट्र: ट्रेन में महिला यात्री की नकदी और आभूषण चोरी के आरोप में ‘हिस्ट्रीशीटर’ गिरफ्तार

ठाणे, 23 जून इंदौर-दौंड एक्सप्रेस में एक बुजुर्ग दंपति से 40 लाख रुपये की नकदी और आभूषण चोरी करने के आरोप में रेलवे पुलिस और अपराध शाखा की संयुक्त टीम ने एक ‘हिस्ट्रीशीटर’ को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

आरोपी ‘हिस्ट्रीशीटर’ जमानत पर छूटा हुआ था।

अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार रात हुई चोरी के आरोप में महेश घाग उर्फ ​​विक्की को रत्नागिरी जिले के चिपलून से गिरफ्तार किया गया और उसके पास से चोरी का सामान भी बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि पीड़ित 73 वर्षीय महिला और उसके पति इंदौर से लोनावाला की यात्रा कर रहे थे।

अधिकारी ने बताया, ‘‘शुक्रवार सुबह ट्रेन के कल्याण स्टेशन पहुंचने पर महिला को एहसास हुआ कि उसकी नकदी और आभूषण चोरी हो गई है। उसने मोतियों की माला, हीरे जड़ित चूड़ियां, अंगूठियां, सोने की घड़ियां, चेन और नकदी से भरा बैग अपने तकिए के नीचे रखा था। चोरी की शिकायत मिलने पर कल्याण रेलवे पुलिस और मुंबई अपराध शाखा की टीम ने जांच शुरू कर दी।’’

अधिकारी ने बताया, ‘‘कल्याण रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में एक व्यक्ति को संदिग्ध तरीके से जल्दबाजी में ट्रेन से उतरते हुए देखा गया। उसकी पहचान महेश घाग के रूप में हुई, जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। हमने अपराध होने के 12 घंटे के भीतर उसे चिपलून से पकड़ लिया।’’

उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)