गोंदिया(महाराष्ट्र), नौ जुलाई महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में किसानों से धान की खरीद में कथित अनियमितता की शिकायत मिलने के बाद जांच के आदेश दिए गए हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
किसानों ने आरोप लगाया है कि 4.51 लाख क्विंटल धान की खरीद का लक्ष्य जिला विपणन संघ (डीएमएफ) ने निर्धारित प्रक्रिया शुरू होने के तुरंत बाद हासिल कर लिया।
भंडारा-गोंदिया सीट से भाजपा सांसद सुनील मेंढे और स्थानीय निर्दलीय विधायक विनोद अग्रवाल ने 7 जुलाई से शुरू हुई खरीद प्रक्रिया पर आपत्ति जताई।
मेंढे ने कहा, ''कई डीएमएफ केंद्रों पर धान खरीद प्रक्रिया शुरू होने के कुछ घंटों के भीतर समाप्त हो गई। हालांकि, उसी दिन आदिवासी विकास निगम (टीडीसी) में शुरू हुई खरीद प्रक्रिया अभी भी जारी है और एक सप्ताह तक जारी रहने की उम्मीद है, जिसमें संशोधित लक्ष्य 3.28 लाख क्विंटल धान की खरीद का रखा गया है।''
किसानों ने आरोप लगाया कि खरीद प्रक्रिया शुरू होने के बाद डीएमएफ के 107 स्वीकृत केंद्रों ने कुछ ही घंटों में अपना लक्ष्य हासिल कर लिया और पोर्टल को बंद कर दिया गया। उन्होंने मेंढे और अग्रवाल से संपर्क किया, जिन्होंने अधिकारियों के समक्ष यह मुद्दा उठाया।
अधिकारियों ने कहा कि किसानों और जनप्रतिनिधियों की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए गए हैं और अगले कुछ दिन में रिपोर्ट सौंपे जाने की संभावना है।
प्रभारी जिलाधिकारी राजेश खवाले ने इसकी जांच के आदेश दिए हैं।
खवाले ने कहा कि उन्होंने संबंधित तहसीलदारों को मामले की गहन जांच करने और मंगलवार तक अपनी रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।
जिला विपणन अधिकारी मनोज बाजपेयी ने कहा कि वे आरोपों की जांच के लिए किसानों के दस्तावेजों का अध्ययन करेंगे और यदि कोई अनियमितता पाई जाती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY