देश की खबरें | महाराष्ट्र : बाढ़ से 76 लोगों की मौत, 38 घायल, 59 लोग लापता, रायगढ़ सबसे अधिक प्रभावित

मुंबई, 24 जुलाई महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने शनिवार को कहा कि राज्य में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन के चलते 76 लोगों की मौत हो चुकी है और 38 अन्य घायल हुए हैं जबकि 56 लोग लापता हैं।

राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक, बारिश के कारण रायगढ़ जिला सर्वाधिक प्रभावित हुआ हैं और यहां वर्षा से संबंधित घटनाओं में मृतकों की संख्या शनिवार को बढ़कर 47 हो गयी। इनमें तलीये गांव में भूस्खलन में मारे गए 37 लोग शामिल हैं।

पुणे में पवार ने संवाददाताओं से कहा कि राज्य में अभी तक नौ जिलों से करीब 90,000 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। ये जिले पिछले चार दिनों से भारी बारिश से प्रभावित हैं।

तटीय कोंकण क्षेत्र में रत्नागिरी जिले में रायगढ़ और पश्चिमी महाराष्ट्र में कोल्हापुर जिला बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित है। इसके अलावा सातारा जिले के कई हिस्सों में भारी बारिश कहर बरपा रही है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की 21 टीमें बारिश से प्रभावित जिलों में सेना, तटरक्षक बल और अन्य की 14 टीमों के साथ काम कर रही हैं। इसके अलावा, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की चार टीमें भी लोगों को निकालने के अभियान में लगी हुई हैं।

इससे पहले दिन में, मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने एक बयान में कहा कि महाराष्ट्र में बाढ़ से 76 लोगों की मौत हो चुकी है और 38 अन्य घायल हो गए हैं। साथ ही उसने कहा कि 30 लोग बाढ़ में लापता हो गए हैं।

राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को ‘पीटीआई-’ को बताया था कि महाराष्ट्र में पिछले दो दिनों में भूस्खलन की कई घटनाओं समेत बारिश से संबंधित घटनाओं में 129 लोगों की मौत हो चुकी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)