देश की खबरें | मंच पर ‘‘उचित सम्मान’’ नहीं दिए जाने को लेकर बिफरे मध्यप्रदेश मछुआ कल्याण बोर्ड अध्यक्ष

इंदौर, 15 सितंबर केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (पीएमएमएसवाई) की तीसरी वर्षगांठ पर इंदौर में शुक्रवार को आयोजित समारोह के मंच पर कथित रूप से उचित सम्मान नहीं दिए जाने को लेकर मध्य प्रदेश मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सीताराम बाथम इतने नाराज हो गए कि बीच में ही कार्यक्रम छोड़कर चल दिए।

चश्मदीदों ने बताया कि बाथम के क्रोधित होकर कार्यक्रम छोड़कर जाने से घबराए अधिकारियों ने उनके पीछे जाकर उन्हें मनाया और वे उन्हें दोबारा मंच पर लेकर आए। समारोह में केंद्रीय मत्स्य पालन मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला भी मौजूद थे।

इस वाकये के वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गए हैं।

समारोह के बाद रूपाला ने संवाददाताओं से कहा कि बाथम नाराज नहीं थे और उन्होंने पूरे समारोह में हिस्सा लिया।

उधर, माहौल शांत होने के बाद बाथम ने कहा कि चूंकि उन्हें एक बैठक में शामिल होना था, इसलिए वह पीएमएमएसवाई के समारोह स्थल से बाहर जा रहे थे और उन्होंने इस बारे में रूपाला को पहले ही बता दिया था।

बाथम को राज्य सरकार ने कैबिनेट मंत्री का दर्जा दे रखा है। उन्होंने कहा कि सूबे के मछुआ कल्याण मंत्री तुलसीराम सिलावट को मंच की व्यवस्थाओं का ध्यान रखना चाहिए था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)