देश की खबरें | मध्य प्रदेश चुनाव : प्रत्याशियों के चयन के लिए सर्वेक्षण करा रहे, लोगों की राय महत्वपूर्ण : कमलनाथ

भोपाल, 25 जून मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने रविवार को कहा कि इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए उनकी पार्टी एक स्वतंत्र सर्वेक्षण करा रही है, जिससे राज्य में पार्टी उम्मीदवारों के चयन में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि पार्टी उम्मीदवार चयन प्रक्रिया के तहत कांग्रेस स्थानीय लोगों की राय को महत्व देगी।

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के टिकट वितरण पर पूछे गये एक सवाल के जवाब में कमलनाथ ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘इस चुनाव के लिए टिकट फॉर्मूला तैयार है। टिकट के लिए तेरा-मेरा नहीं चलेगा। सर्वे एवं स्थानीय लोगों की राय के आधार पर टिकट तय किए जाएंगे।’’

उन्होंने आगे कहा, ‘‘हम (मध्य प्रदेश कांग्रेस) स्वतंत्र सर्वेक्षण कर रहे हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) भी अपने स्तर पर एक सर्वेक्षण कर रही है। इसमें हम स्थानीय लोगों की राय को महत्व देंगे।’’

उन्होंने यह भी कहा कि टिकट वितरण की कोई भी प्रक्रिया आम सहमति के आधार पर पूरी नहीं की जा सकती क्योंकि चुनाव लड़ने की चाहत रखने वाला कोई व्यक्ति नहीं कहता कि वह हारने वाला है, सभी दावा करते हैं कि वे जीतने वाले हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)