देश की खबरें | मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कोरोना वायरस से संक्रमित, चिरायु अस्पताल में भर्ती
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

भोपाल, 25 जुलाई मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गये हैं। उन्हें शहर के चिरायु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

चौहान ने शनिवार को ट्वीट कर एवं संदेश जारी कर कहा, ‘‘मेरे प्रिय प्रदेशवासियों, मुझमें कोविड-19 के लक्षण नजर आ रहे थे। जांच के बाद मेरी रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई है। मेरी सभी साथियों से अपील है कि जो भी मेरे संपर्क में आए हैं, वे अपनी कोरोना वायरस जांच करवा लें। मेरे निकट संपर्क वाले लोग पृथक-वास में चले जाएं।’’

यह भी पढ़े | अयोध्या: CM योगी आदित्यनाथ ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट और स्थानीय प्रशासन के सदस्यों के कर रहे हैं बैठक: 25 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

अस्पताल में भर्ती होने से पहले उन्होंने कहा, ‘‘मुझे डॉक्टर्स ने अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी है। मैं कोविड-19 के लिए निर्दिष्ट चिरायु अस्पताल (भोपाल) में भर्ती होने जा रहा हूँ।’’

चौहान ने कहा कि कोरोना वायरस के मरीज को ज़िद नहीं करना चाहिए कि हम घर में ही पृथक रहेंगे या अस्पताल नहीं जायेंगे। हमें डॉक्टर्स के निर्देश का पालन करना चाहिये।

यह भी पढ़े | अरुणाचल प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के 65 नए मामले दर्ज, 33 सुरक्षा कर्मी भी पाए गए संक्रमित.

उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपने सभी साथियों से अपील करता हूँ कि कोविड-19 के ज़रा भी लक्षण आये तो लापरवाही न बरतें, तत्काल टेस्ट कराएँ और उपचार प्रारम्भ करें।’’

चौहान ने कहा, ‘‘मैं कोरोना वायरस दिशा-निर्देश का पूरा पालन कर रहा हूं। प्रदेश की जनता से मेरी अपील है कि सावधानी रखें, जरा सी असावधानी कोरोना वायरस को निमंत्रण देती है।’’

मुख्यमंत्री ने बताया, ‘‘मैंने कोरोना वायरस से सावधान रहने के हर संभव प्रयास किए, लेकिन समस्याओं को लेकर कई लोग मिलते ही थे। मेरी उन सब को सलाह है कि जो मुझसे मिले वह अपना टेस्ट करवा लें।’’

उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस से घबराने की जरूरत नहीं है। कोरोना वायरस का समय पर इलाज होता है तो यह बिल्कुल ठीक हो जाता है।

चौहान ने बताया, ‘‘मैं 25 मार्च से प्रत्येक शाम को कोरोना वायरस की समीक्षा बैठक करता रहा हूँ। मैं यथासंभव अब वीडियो कॉन्फ्रेंस से कोरोना वायरस की समीक्षा करने का प्रयास करूंगा और मेरी अनुपस्थिति में यह बैठक प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, नगरीय विकास एवं प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी करेंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं स्वयं भी पृथक-वास में रहते हुए इलाज के दौरान प्रदेश में कोरोना वायरस नियंत्रण के हर संभव प्रयास करता रहूंगा।

चौहान ने कहा, ‘‘आप सब सावधान रहें, सुरक्षित रहे और गाइडलाइन का पालन जरूर करें।

इसी बीच, मध्य प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि चौहान को शहर के कोविड-19 अस्पताल चिरायु मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)