लंदन, 16 जून वेस्टइंडीज के टेस्ट कप्तान जैसन होल्डर ने मंगलवार को कहा कि उनकी टीम आठ जुलाई से साउथम्पटन में शुरू होने वाली टेस्ट श्रृंखला में बारबाडोस में जन्में तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर को इंग्लैंड के एक अन्य खिलाड़ी की तरह ही देखेगी।
आर्चर ने 2018 में इंग्लैंड की तरफ से खेलने की अर्हता हासिल की थी। वह 2014 में वेस्टइंडीज की तरफ से अंडर-19 टीम में खेल चुके हैं।
वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज केमार रोच ने रविवार को आर्चर को आगाह किया था कि श्रृंखला के दौरान उनके साथ दोस्ती जैसी कोई चीज नहीं होगी।
होल्डर ने भी इसी तरह की बात की और कहा कि तीन मैचों की श्रृंखला शुरू होने के साथ ही आर्चर के साथ दोस्ती पीछे छूट जाएगी।
यह भी पढ़े | हरभजन सिंह ने कहा- 2008 सिडनी टेस्ट के बाद ऑस्ट्रेलियाई मीडिया ने हर जगह मेरा पीछा किया.
होल्डर ने ‘गुड मार्निंग ब्रिटेन’ कार्यक्रम में कहा, ‘‘आर्चर अब इंग्लैंड का खिलाड़ी है। केमार रोच ने कल साक्षात्कार दिया था और उन्होंने भी यही बात कही थी। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैदान से बाहर हम दोस्त हैं लेकिन जब हम मैदान पर प्रवेश करते हैं तो वह हमारे लिये इंग्लैंड का एक अन्य खिलाड़ी है। मुझे विश्वास है कि वह भी हमें परेशानी में डालने के लिये तैयार होगा। ’’
तीन मैचों की इस श्रृंखला से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की भी वापसी होगी जो कोविड-19 महामारी के कारण मार्च से ही ठप्प है।
अमेरिका में जार्ज फ्लॉयड की मौत के बाद नस्लवाद के खिलाफ विश्व भर में चल रहे प्रदर्शन के बारे में होल्डर ने कहा कि वेस्टइंडीज की टीम ‘ब्लैक लाइव्स मैटर’ अभियान का पूरा समर्थन करती है।
उन्होंने कहा, ‘‘एक टीम के रूप में हम इस अभियान के प्रति अपना समर्थन दिखाएंगे। हमारी इसको लेकर चर्चा हुई और आठ जुलाई को हम अपना समर्थन दिखाएंगे। ’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY