चंडीगढ़, 25 मई हरियाणा की 10 लोकसभा सीट पर चुनाव के दौरान शुरुआती दो घंटों में 8.31 प्रतिशत मतदान हुआ।
करनाल विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए भी मतदान जारी है जहां से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चुनावी मैदान में हैं। करनाल विधानसभा सीट पर नौ उम्मीदवार मैदान में हैं। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के विधायक पद से इस्तीफे के बाद यहां उपचुनाव जरूरी हो गया था।
हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने बताया कि राज्य में 2,00,76,768 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें 94,23,956 महिलाएं और 467 ‘ट्रांसजेंडर’ मतदाता शामिल हैं।
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, सुबह सात बजे मतदान शुरू होने के बाद शुरुआती दो घंटे में भिवानी-महेंद्रगढ़ निर्वाचन क्षेत्र में सबसे अधिक 10.26 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि फरीदाबाद में सबसे कम 5.46 प्रतिशत मतदान हुआ।
अंबाला में 6.92 प्रतिशत, गुरुग्राम में 6.20 प्रतिशत, हिसार में 7.44 प्रतिशत, करनाल में 9.29 प्रतिशत, कुरुक्षेत्र में 9.92 प्रतिशत, रोहतक में 10.22 प्रतिशत, सिरसा में 9.81 प्रतिशत और सोनीपत में 9.33 प्रतिशत मतदान हुआ।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 2019 के आम चुनाव में हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीट पर जीत हासिल की थी।
हरियाणा में मतदाता खट्टर, दो केंद्रीय मंत्रियों और कांग्रेस की कुमारी सैलजा सहित 223 उम्मीदवार की किस्मत का फैसला करेंगे। लोकसभा चुनाव के छठे चरण में हरियाणा में 207 पुरुष और 16 महिला उम्मीदवार मैदान में हैं।
मतदान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह सात बजे शुरू हुआ जो छह बजे तक जारी रहेगा।
खट्टर और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी उन मतदाताओं में शामिल रहे जिन्होंने अपने-अपने मतदान केंद्र पर सबसे पहले मतदान किया।
सैनी ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ अंबाला जिले के नारायणगढ़ में अपने पैतृक गांव मीरजापुर माजरा में वोट डाला। खट्टर ने करनाल के प्रेम नगर में अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
भाजपा की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष सैनी ने 12 मार्च को खट्टर की जगह मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
सैनी, खट्टर और विधानसभा में विपक्ष के नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा ने मतदाताओं से बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।
लोकसभा चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और कृष्ण पाल गुर्जर, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी सैलजा तथा दीपेंद्र सिंह हुड्डा प्रमुख उम्मीदवारों में शामिल हैं।
करनाल लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार खट्टर का मुकाबला हरियाणा युवा कांग्रेस के अध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा से है।
खट्टर ने करनाल में कहा कि सभी को ‘‘लोकतंत्र के त्योहार’’ में भाग लेने के लिए आगे आना चाहिए।
उपचुनाव में कांग्रेस के तरलोचन सिंह की चुनौती का सामना कर रहे सैनी ने हर पात्र मतदाता से वोट डालने की अपील की।
सैनी ने अपना वोट डालने के बाद संवाददाताओं से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है और हरियाणा भी भाजपा सरकार में विकास के पथ पर आगे बढ़ा है।
हरियाणा में ज्यादातर सीट पर सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी दल कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल सकती है। हिसार जैसी सीट पर बहुकोणीय मुकाबला होने की संभावना हैं
हिसार लोकसभा क्षेत्र में बिजली मंत्री एवं भाजपा नेता रणजीत सिंह चौटाला का मुकाबला चौटाला परिवार के दो सदस्यों जननायक जनता पार्टी (जजपा) की नैना चौटाला और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की सुनैना चौटाला से है।
पानीपत में पहली बार मतदान कर रहे एक मतदाता ने कहा, ‘‘युवा देश की रीढ़ हैं और सभी को अपने मताधिकार का प्रयोग करके लोकतंत्र के इस त्योहार में भाग लेना चाहिए।’’
रणजीत सिंह चौटाला और उनके परिवार के सदस्यों ने सिरसा जिले में अपना वोट डाला।
जजपा प्रमुख अजय सिंह चौटाला और उनकी पत्नी नैना चौटाला ने भी अपने बेटों - पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और दिग्विजय चौटाला के साथ वोट डाला।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY