देश की खबरें | लोजपा (रामविलास) गुजरात, हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार उतारेगी : चिराग पासवान

नयी दिल्ली, 17 अक्टूबर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) आगामी गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार उतारेगी। पार्टी अध्यक्ष चिराग पासवान ने सोमवार को यह घोषणा की।

पासवान ने कहा कि इस बारे में पार्टी को अभी यह निर्णय करना है कि वह दोनों राज्यों में कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

उन्होंने कहा कि इस संबंध में सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित होने के बाद पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में भाजपा शासित गुजरात और हिमाचल प्रदेश में चुनाव मैदान में उतरने का निर्णय लिया गया।

चिराग पासवान ने यहां प्रेसवार्ता के दौरान कहा, ‘‘पार्टी ने गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया है। हम जल्द ही गुजरात में, पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी और उम्मीदवारों की सूची पर, फैसला करेंगे।’’

उन्होंने कहा कि लोजपा (रामविलास) अपने हिमाचल प्रदेश प्रभारी की नियुक्ति करने जा रही है और बाद में उम्मीदवारों की सूची पर निर्णय करेगी।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के लिए एक ही चरण में 12 नवंबर को मतदान होगा और वोटों की गिनती आठ दिसंबर को होगी। निर्वाचन आयोग ने अभी गुजरात विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा नहीं की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)