देश की खबरें | दिल्ली के सैनिक फार्म में तेंदुआ दिखा

नयी दिल्ली, दो दिसंबर वन विभाग के एक अधिकारी ने शनिवार को कहा कि दिल्ली के सैनिक फार्म इलाके में एक तेंदुआ देखा गया है।

अधिकारी ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए दो पिंजरे लगाए गए हैं।

वन विभाग (असोला भट्टी वन्यजीव अभयारण्य) के एक क्षेत्राधिकारी सुबोध कुमार ने बताया कि तेंदुए के लिए विभाग के दो दलों को तैनात किया गया है।

कुमार ने कहा,''हमें एक तेंदुए के संदर्भ में फोन आया जिसे रात में देखा गया था। स्थानीय पुलिस की मदद से हमने सुबह साढ़े नौ बजे तलाशी अभियान चलाया और उसे एक फार्महाउस के पास देखा गया।''

उन्होंने कहा कि वन विभाग ने दो पिंजरे लगाए हैं और लोगों को उनसे दूर रहने के निर्देश दिए हैं।

सोशल मीडिया पर तेंदुए के दो वीडियो सामने आए हैं जिसमें जानवर को एक फार्महाउस के पास घूमते देखा जा सकता है। दूसरे वीडियो में तेंदुए को दीवार कूदकर जंगल में चले जाने से पहले एक पुलिसकर्मी को भागते हुए देखा जा सकता है।

एक अधिकारी ने कहा कि वन विभाग और दिल्ली पुलिस के कम से कम 40 कर्मियों को इलाके में तैनात किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)