जोहानिसबर्ग, नौ सितंबर दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी राजनेता, जुलु सम्राट तथा देश के पारंपरिक प्रधानमंत्री मैंगोसुथु बुथेलेजी का शनिवार तड़के 95 वर्ष की आयु में निधन हो गया।
बुथेलेजी, 'इंकाथा फ्रीडम पार्टी' के अध्यक्ष थे और उन्होंने पिछले सप्ताह ही अपना 95वां जन्मदिन मनाया था।
वरिष्ठ राजनेता को पीठ दर्द के सर्जरी से संबंधित जटिलताओं के बाद अगस्त में एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह पिछले सप्ताह ठीक होकर घर लौटे थे।
दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा ने शनिवार सुबह एक बयान में बुथेलेजी के निधन की घोषणा की।
राष्ट्रपति ने कहा, "मुझे क्वाफिंडांगेन के राजकुमार, प्रिंस मैंगोसुथु बुथेलेजी के निधन की घोषणा करते हुए बहुत पीड़ा हो रही है। प्रिंस मैंगोसुथु बुथेलेजी देश के एक उत्कृष्ट नेता रहे हैं। वो हमारे मुक्ति संघर्ष के उतार-चढ़ाव और परिवर्तन में शामिल रहे तथा 1994 में हमारी आजादी और लोकतांत्रिक व्यवस्था सुरक्षित की।"
उन्होंने कहा, "बुथेलेजी कबीले के इंकोसी (प्रमुख) एक शानदार नेता थे, जिन्होंने सात दशकों तक देश के इतिहास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।"
बयान के मुताबिक, बुथेलेजी के निधन को लेकर शोक और सम्मान के कार्यक्रम की घोषणा, सरकार और परिवार के बीच परामर्श के बाद उचित समय पर की जाएगी।
बुथेलेजी के निधन के बाद शनिवार सुबह से ही श्रद्धांजलि देने का सिलसिला शुरू हो गया।
बुथेलेजी परिवार ने उन्हें "दक्षिण अफ़्रीका का सबसे सच्चा चैंपियन और सबसे बड़ा सेवक" बताया।
परिवार द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, "हमें पता है कि इस नुकसान को कई लोग गहराई से महसूस करेंगे तथा कई लोग आने वाले दिनों में अपनी संवेदना व्यक्त करेंगे। परिवार, महामहिम राजा और शाही परिवार, महामहिम राष्ट्रपति, बुथेलेजी कबीले और आईएफपी के नेतृत्व से मिलेगा तथा उनके अंतिम संस्कार की व्यवस्था की जाएगी। इस संबंध में आगे की जानकारी उचित समय पर दी जाएगी।"
नेल्सन मंडेला फाउंडेशन ने एक बयान में बुथेलेजी के निधन पर शोक व्यक्त किया। फाउंडेशन ने उन्हें "दक्षिण अफ्रीका के इतिहास का एक प्रमुख व्यक्ति" बताया।
फाउंडेशन ने कहा, "वह एक प्रभावशाली और जटिल व्यक्तित्व वाले व्यक्ति थे। उनके भीतर राजनीतिक संघर्षों में जातीय पहचान को एकजुट करने, शांति स्थापित करने तथा राष्ट्रीय एकता को कायम रखने की क्षमता थी।"
एपी
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY