देश की खबरें | ईंधन की बढ़ती कीमतों को लेकर वामपंथी दलों का 15 जुलाई को बंद का आह्वान, कांग्रेस ने किया समर्थन

भुवनेश्वर, आठ जुलाई ईंधन की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के खिलाफ वामपंथी दलों ने 15 जुलाई को ओडिशा में छह घंटे के बंद आह्वान किया है।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) , मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), फारवर्ड ब्लॉक और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (लेनिनवादी-मार्क्सवादी) ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि वे 15 जुलाई को सुबह छह बजे से दोपहर 12 बजे तक बंद का पालन करेंगे।

कांग्रेस की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष निरंजन पटनायक ने कहा कि उनकी पार्टी बंद का समर्थन करेगी। भाकपा के राज्य सचिव आशीष कानूनगो ने कहा कि बंद के दौरान सड़कों से वाहन नदारद रहेंगे। इसके अलावा सभी दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान भी बंद रहेंगे।

वामपंथी नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा ईंधन पर लगाए गए करों को तत्काल वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि इससे पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कमी आएगी और आम लोगों को राहत मिलेगी।

इस बीच, ईंधन की कीमतों में भारी वृद्धि के खिलाफ संयुक्त किसान मोर्चा और अखिल भारतीय किसान संघर्ष समिति के सदस्यों ने बृहस्पतिवार को एक रैली निकालकर प्रदर्शन किया।

शीर्ष वामपंथी नेता सुरेश पाणिग्रही ने कहा, ‘‘एक साल की अवधि के दौरान ईंधन की कीमतों में 50 बार बढ़ोतरी हुई है, केवल जून के महीने में कीमतों में 17 बार वृद्धि हुई है।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)