देश की खबरें | लता मंगेशकर, एआर रहमान और सलमान खान ने एसपी बालासु्ब्रमण्यम को याद किया
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

मुंबई, 25 सितंबर प्रसिद्ध गायिका लता मंगेशकर, संगीतकार एआर रहमान, अभिनेता सलमान खान, अक्षय कुमार, अनिल कपूर और अभिनेत्री राम्या कृष्णन ने मशहूर गायक एसपी बालासुब्रमण्यम के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए संगीत के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया।

एसपीबी नाम से मशहूर 74 वर्षीय गायक का दो महीने तक कोरोना वायरस से जूझने के बाद शुक्रवार को निधन हो गया।

यह भी पढ़े | Bihar Elections Model Code of Conduct: बिहार में आदर्श आचार संहिता लागू, अब नेताओं पर EC रखेगी पैनी नजर- जानें पूरा नियम.

बालासुब्रमण्यम के बेटे एस पी चरण ने संवाददाताओं को बताया कि उनके पिता ने दोपहर 1.04 बजे के आसपास अंतिम सांस ली।

मंगेशकर ने बालासुब्रमण्यम को अद्भुत गायक और विनम्र इंसान बताते हुए उनके साथ किये गये काम को याद किया।

यह भी पढ़े | Farmers Bill 2020: AIKS अध्यक्ष अशोक धावले के नेतृत्व में महाराष्ट्र में कृषि बिलों को लेकर हजारों की तादात में किसानों का विरोध प्रदर्शन जारी.

उन्होंने कहा, ‘‘मैं एसपी बालासुब्रमण्यम के निधन से बहुत दु:खी हूं। हमने साथ में अनेक गाने रिकॉर्ड किये और कई शो किये। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।’’

रहमान ने एसपीबी के साथ अपनी तस्वीर साझा करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

बालासुब्रमण्यम से सलमान खान के अनेक गीतों को स्वर दिया और 1990 के दशक में मानो वह सलमान की आवाज ही बन गये थे।

‘मेरे रंग में रंगने वाली’, ‘पहला पहला प्यार है’, ‘मौसम का जादू’ और ‘हम आपके हैं कौन’ इनमें से कुछ हैं।

बृहस्पतिवार को ही एसपीबी के जल्द स्वस्थ होने की कामना करने वाले सलमान ने कहा कि उनके निधन से वह टूट गये हैं।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘एसपी बालासुब्रमण्यम सर के बारे में सुनकर आहत हूं। आप संगीत की अपनी निर्विवाद विरासत के रूप में हमेशा हमारे साथ रहेंगे। परिवार के प्रति संवेदनाएं।’’

अनिल कपूर ने उन्हें महान इंसान बताया और कहा कि उनकी कमी वाकई खलेगी।

अक्षय कुमार ने कहा, ‘‘कुछ महीने पहले ही लॉकडाउन के दौरान एक डिजिटल कंसर्ट में उनसे बात हुई थी। वह तंदुरुस्त, ऊर्जावान और अपने खास अंदाज में दिख रहे थे। जीवन का वाकई कुछ पता नहीं। मेरी दुआएं और संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं।’’

‘बाहुबली’ में काम कर चुकीं राम्या ने ट्वीट किया, ‘‘इतने खास इंसान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।’’

फिल्मकार मधुर भंडारकर, बिजॉय नांबियार और सुजॉय घोष ने भी एसपीबी को श्रद्धांजलि दी।

वैभव नरेश

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)