इंदौर, 28 अगस्त मध्यप्रदेश में सावन के महीने में महिलाओं को 450 रुपये में घरेलू गैस सिलेंडर दिए जाने की मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की घोषणा पर भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष बी वी श्रीनिवास ने राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार में दूरदृष्टि का अभाव है और इसे केवल टेलीविजन पर अपने प्रचार से मतलब है।
श्रीनिवास ने यहां युवा कांग्रेस की परिवर्तन रैली में भाग लिया। इस दौरान वह कांग्रेस के युवा मोर्चे के कार्यकर्ताओं के साथ शहर की सड़कों पर मोटरसाइकिल चलाते दिखाई दिए।
रैली के बाद श्रीनिवास ने संवाददाताओं से कहा कि सत्तारूढ़ भाजपा को मध्यप्रदेश में महिलाओं को सस्ता सिलेंडर देने की बात केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के गठन के करीब 9.5 साल के बाद याद आई।
उन्होंने कहा,‘‘राजस्थान में कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार वहां की जनता को 500 रुपये में घरेलू गैस सिलेंडर पहले से दे रही है।’’
श्रीनिवास ने राजस्थान और कर्नाटक में कांग्रेस की सरकारों द्वारा महिलाओं के हित में चलाई जा रही अलग-अलग योजनाएं गिनाते हुए दावा किया कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ऐसी योजनाएं नहीं चला पा रही हैं।
उन्होंने कहा,‘‘यह (मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार) टेलीविजन सरकार है और इसमें विजन (दूरदृष्टि) नहीं है। इसे केवल टेलीविजन पर प्रचार से मतलब है। यह केवल इवेंट मैनेजमेंट सरकार है।’’
युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कर्नाटक में भाजपा की पूर्ववर्ती सरकार के राज में 40 प्रतिशत भ्रष्टाचार था जो मध्यप्रदेश की मौजूदा भाजपा सरकार के कार्यकाल में बढ़कर 50 प्रतिशत हो चुका है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY