देश की खबरें | मणिपुर में कुकी-जो लोगों ने अलग प्रशासन की मांग की

इंफाल, 27 जुलाई मणिपुर के कंगपोकपी जिले में कुकी-जो समुदाय के लोगों ने प्रदर्शन कर जनजाति वर्ग के लिए एक अलग प्रशासन की मांग की।

उन्होंने यह भी मांग की कि केंद्र उन कुकी समूहों के साथ बातचीत करे जिन्होंने सरकार के साथ अभियान निलंबन संबंधी समझौते (एसओओ) पर हस्ताक्षर किए थे।

ट्राइबल यूनिटी सदर हिल्स के बैनर तले प्रदर्शनकारियों ने कंगपोकपी और इंफाल पश्चिम जिलों की सीमा पर स्थित एक गांव गमगीफई में धरना दिया।

एक प्रदर्शनकारी ने बुधवार को कहा, “हम शांतिपूर्वक धरना दे रहे हैं। हम चाहते हैं कि सरकार हमारे लिए अलग प्रशासन की हमारी मांग को स्वीकार करे।''

मणिपुर में चिन-कुकी-मिजो-जोमी समूह के दस जनजातीय विधायकों ने राज्य में मेइती और कुकी जनजाति के बीच हिंसक झड़पों के मद्देनजर केंद्र से उनके समुदाय के लिए अलग प्रशासन बनाने का आग्रह किया है। मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने उनकी इस मांग को खारिज कर दिया है।

कुकी-जो प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे यूनाइटेड पीपुल्स फ्रंट (यूपीएफ) और कुकी नेशनल ऑर्गनाइजेशन (केएनओ) का समर्थन करते हैं, क्योंकि ऐसी चर्चा है कि केंद्र उन दो समूहों के साथ बातचीत करेगा जिन्होंने समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।

एसओओ समझौते पर केंद्र, मणिपुर सरकार के साथ ही दो कुकी उग्रवादी संगठनों- केएनओ और यूपीएफ ने हस्ताक्षर किए थे। समझौते पर पहली बार 2008 में हस्ताक्षर किए गए थे और समय-समय पर इसे बढ़ाया जाता रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)