देश की खबरें | कुकी, मेइती चर्च से जुड़े पदाधिकारियों ने मणिपुर में शांति बहाली में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया गया

कोलकाता, 11 सितंबर हिंसाग्रस्त मणिपुर में दो समुदायों द्वारा चर्च और मंदिरों को जलाने के आरोपों के बीच एक मेइती ईसाई और सामाजिक कार्यकर्ता ने कुकियों से राज्य में स्थायी शांति के लिए बातचीत को आगे आने की अपील की है।

कोलकाता में सोमवार को एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, कार्यकर्ता फिलम रोहन सिंह ने कहा कि पूर्वोत्तर राज्य में शांति बहाल करने का समय आ गया है। उन्होंने दोनों समुदायों के चर्च से ‘माहौल को शांति की दिशा में आगे बढ़ाने’ के लिए बातचीत शुरू करने की अपील की।

रोहन सिंह ने कहा, ‘‘मणिपुर में हिंसा दो धर्मों का टकराव नहीं है। मेइती और कुकी चर्च को आगे आना चाहिए और राज्य में शांति को बढ़ावा देने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।’’

उन्होंने कहा, हिंसा में दोनों पक्ष के लोग प्रभावित हो रहे हैं। मैं कुकी समुदाय से अनुरोध करता हूं कि वे आगे आएं और शांति के लिए बातचीत शुरू करें।’’

उन्होंने दावा किया कि पिछले चार महीनों में 250 मेइती चर्च और 70 से अधिक कुकी चर्च में तोड़फोड़ की गई है और उन्होंने कहा कि अब ये सब रोकने का समय आ गया है।

शहर मोइरांग निवासी 24 वर्षीय युवक ने कहा, ‘‘यह कहना पूरी तरह से गलत है कि केवल चर्च में तोड़फोड़ की गई है। दोनों समुदायों के सैकड़ों घरों के अलावा लगभग 400 मंदिरों को भी तोड़ दिया गया है। इस तरह की हिंसा से दोनों पक्षों को चिंतित होना चाहिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि देशभर के चर्च से जुड़े पदाधिकारियों को हस्तक्षेप करना चाहिए।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)