देश की खबरें | बस डिपो में कर्मचारियों द्वारा की गयी मारपीट की घटना पर केएसआरटीसी प्रबंधन ने मांगी माफी

तिरूवनंतपुरम, 21 सितंबर केरल राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) प्रबंधन ने बुधवार को यहां के निकट एक बस डिपो में हुई मारपीट की घटना पर जनता से माफी मांगी और कहा कि इस तरह की घटना किसी भी कीमत पर सहन नहीं की जायेगी ।

उल्लेखनीय है कि छात्रों को मिलने वाली रियायत को लेकर मंगलवार को हुये विवाद के बाद केएसआरटीसी के कर्मचारियों के एक समूह ने कट्टाकाड़ा में 55 साल के एक व्यक्ति की उसकी बेटी के समक्ष पिटाई कर दी थी । इसके बाद सरकार ने चार कर्मचारियों को निलंबित कर दिया ।

फेसबुक पर एक माफीनामा में केएसआरटीसी के प्रबंधक निदेशक बीजू प्रभाकर ने कट्टाकड़ा बस डिपो में हुयी मारपीट की घटना को बेहद ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण, पीड़ादायक और निंदनीय’’ करार दिया।

इसके साथ ही प्रभाकर ने कहा कि इस तरह की घटना को सही नहीं ठहराया जा सकता है ।

अधिकारी ने बताया, ‘‘मैं संस्था और उसके अन्य अच्छे कर्मचारियों की ओर से जनता से ऐसी कठिनाइयों के लिए माफी मांगता हूं, जिससे लड़की और उसके पिता को केएसआरटीसी के कर्मचारियों के कारण रूबरू होना पड़ा।’’

उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को यह समझना चाहिये कि इस घटना में शामिल रहने वाले और 'मानसिक रूप से विक्षिप्त' बहुत कम कर्मचारी हैं जो केएसआरटीसी की समस्या हैं।

प्रबंध निदेशक ने कहा, ‘‘ऐसे लोगों को प्रबंधन किसी भी कीमत पर न तो सहन करेगा और न ही उनकी सुरक्षा करेगा। परिवहन मंत्री एंटनी राजू और सरकार का भी इस मसले पर यही रुख है। सरकार की ओर से ऐसे लोगों को उखाड़ फेंकने का निर्देश दिया गया है।’’

अधिकारी ने यह भी आश्वासन दिया कि इस घटना की निष्पक्ष जांच करायी जायेगी और दोषियों को सजा मिलेगी ।

इस बीच कट्टाकड़ा पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बुधवार को भारतीय दंड विधान की धारा 354 लगायी गयी है ।

उन्होंने बताया कि पीड़ित व्यक्ति की बेटी के बयान के आधार पर गैर जमानती वारंट की धारा जोड़ी गयी है ।

आरोपियों के खिलाफ पहले ही भारतीय दंड संहिता की धारा 143, 149, 323 एवं अन्य के तहत मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज की गयी थी ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)