देश की खबरें | हरियाणा विधानसभा में प्रवेश के लिये कोविड-19 की निगेटिव रिपोर्ट की जरूरत होगी: स्पीकर
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

चंडीगढ़, 17 अगस्त हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ने सोमवार को कहा कि मॉनसून सत्र के दौरान विधानसभा परिसर में प्रवेश करने वाले किसी भी व्यक्ति को कोविड-19 की निगेटिव जांच रिपोर्ट दिखानी होगी और ‘चीन में निर्मित’ सेनिटाइजर या मास्क का परिसर में इस्तेमाल नहीं किया जाएगा।

राज्य विधानसभा का सत्र 26 अगस्त से शुरू होने जा रहा है।

यह भी पढ़े | Fire Breaks Out at Nandolia Organic Chemicals in Palghar: पालघर स्थित नंदोलिया ऑर्गेनिक केमिकल्स में लगी भीषण आग, 1 व्यक्ति की मौत, 3 गंभीर रूप से घायल.

विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने यहां कहा कि कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर सत्र के दौरान सदन में बैठने की व्यवस्था में भी बदलाव किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस बार सदन की कार्यवाही देखने के लिये किसी भी आगंतुक को अनुमति नहीं दी जाएगी।

यह भी पढ़े | Nithyananda: देश से फरार नित्यानंद स्वामी गणेश चतुर्थी पर अपने खुद के रिजर्व बैंक की करने जा रहे हैं स्थापना.

उन्होंने कहा कि मॉनसून सत्र के दौरान विधानसभा परिसर में प्रवेश करने वाले किसी भी व्यक्ति को कोविड-19 की निगेटिव जांच रिपोर्ट दिखानी होगी। इनमें मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक, विधानसभा अध्यक्ष, विधानसभा उपाध्यक्ष, सुरक्षा कर्मी और मीडिया कर्मी भी शामिल हैं।

कोविड-19 की जांच रिपोर्ट सत्र शुरू होने की तारीख से तीन दिन से अधिक पुरानी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि इसके अलावा सामाजिक दूरी के नियमों का सख्त अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।

गुप्ता ने एक सवाल के जवाब में कहा कि चीन में निर्मित (मेड इन चाइना) कोई भी वस्तु, चाहे वे सेनिटाइजर, दस्ताने या मास्क, सेनिटाइजर मशीन, जूते का कवर क्यों न हो, उनका परिसर में इस्तेमाल नहीं किया जाए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)