देश की खबरें | कोविड-19 : भाजपा की भीड़ भरी कलश यात्राओं के मामले में तीन प्राथमिकी दर्ज
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) हरिनारायणाचारी मिश्रा ने बुधवार को संवाददाताओं को बताया, "सांवेर विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर निकाली गयीं इन यात्राओं में कोविड-19 की रोकथाम के लिये प्रशासन के लागू प्रतिबंधात्मक आदेशों के उल्लंघन की जानकारी मिली है।"

उन्होंने बताया कि इस जानकारी पर भारतीय दंड विधान की धारा 188 (किसी सरकारी अधिकारी का आदेश नहीं मानना) के तहत मंगलवार रात तीन प्रकरण दर्ज किये गये हैं।

यह भी पढ़े | ओडिशा के कालाहांडी जिले में सुरक्षा बलों के साथ गोलीबारी में चार माओवादी मारे गए: 9 सितंबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इनमें से दो मामले सांवेर पुलिस थाने में दर्ज किये गये हैं, जबकि एक प्राथमिकी चंद्रावतीगंज पुलिस थाने में पंजीकृत की गयी है।

उन्होंने बताया कि तीनों प्राथमिकियों में उन दो-दो भाजपा नेताओं को आरोपी बनाया गया है जिन्होंने सांवेर विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर विवादास्पद कलश यात्राओं का हाल ही में आयोजन किया था। इन छह आरोपियों में पूर्व विधायक और मौजूदा जिला भाजपा अध्यक्ष राजेश सोनकर शामिल हैं।

यह भी पढ़े | Coronavirus Update in Uttar Pradesh: यूपी में कोरोना का कहर जारी, पिछले 24 घंटे के भीतर सामने आए 6,711 नए केस.

भाजपा सूत्रों ने बताया कि सांवेर के 250 गांवों में भाजपा की नर्मदा कलश यात्राओं का सिलसिला चार सितंबर से शुरू हुआ था। ये यात्राएं बृहस्पतिवार को खत्म होने वाली हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में इन यात्राओं में सैकड़ों ग्रामीण महिलाएं अपने सिर पर नर्मदा नदी के जल से भरा कलश रखकर शोभा यात्रा के रूप में चलती दिखायी दे रही हैं। यात्रा में शामिल महिलाएं ढोल की थाप पर समूह में नृत्य करती भी नजर आ रही हैं।

सांवेर, सूबे के उन 27 विधानसभा क्षेत्रों में शामिल है जहां आने वाले दिनों में उप चुनाव होने हैं।

राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के वफादार समर्थकों में गिने जाने वाले प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट को सांवेर उप चुनाव में भाजपा का टिकट मिलना तय है। उधर, कांग्रेस की ओर से पूर्व लोकसभा सांसद प्रेमचंद बौरासी "गुड्डू" की उम्मीदवारी पक्की मानी जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)