देश की खबरें | देश में कोविड-19 के मामले 82 लाख के पार, मरीजों के ठीक होने की दर 91.68 प्रतिशत हुई
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, दो नवम्बर देश में कोविड-19 के मामले सोमवार को 82 लाख के पार चले गए। वहीं 75.44 लाख लोगों के ठीक होने के बाद मरीजों के ठीक होने की दर 91.68 प्रतिशत हो गई।

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सोमवार सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार देश में एक दिन में कोविड-19 के 45,231 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमण के मामले बढ़कर 82,29,313 हो गए। वहीं इस दौरान 496 लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1,22,607 हो गई।

यह भी पढ़े | देश में बदला मौसम का मिजाज, ठंड हवाओं से तेजी से लुढ़का पारा, अगले कुछ दिनों में नए रिकॉर्ड की उम्मीद.

आंकड़ों के अनुसार देश में 75,44,798 लोगों के संक्रमण मुक्त होने के साथ मरीजों के ठीक होने की दर 91.68 प्रतिशत हो गई है। वहीं कोविड-19 से मृत्यु दर 1.49 प्रतिशत है।

देश में लगातार चौथे दिन उपचाराधीन लोगों की संख्या छह लाख से कम है।

यह भी पढ़े | India-China Border Tension: कांग्रेस का पीएम पर निशाना, कहा-चीन 1200 वर्ग किमी क्षेत्र पर कब्जा किये बैठा है, प्रधानमंत्री देश को असल मुद्दों से भटका रहे हैं.

आंकड़ों के अनुसार देश में अभी 5,61,908 लोगों का कोविड-19 का इलाज जारी है, जो कुल मामलों का 6.83 प्रतिशत है।

भारत में सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को संक्रमितों की संख्या 40 लाख के पार चली गई थी।

वहीं, कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख के पार, 28 सितम्बर को 60 लाख और 11 अक्टूबर को 70 लाख के पार और 29 अक्टूबर को 80 लाख के पार चले गए थे।

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार एक नवम्बर तक कुल 11,07,43,103 नमूनों की कोविड-19 की जांच की गई, जिनमें से 8,55,800 नमूनों का परीक्षण रविवार को ही किया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)