एजेंसी न्यूज

कोविड-19: तीन सौ भारतीय नागरिकों के साथ एअर इंडिया का विशेष विमान अमेरिका से रवाना

अमेरिका से छठी और न्यू जर्सी शहर से दूसरी उड़ान से भारत वापस आ रहे यात्रियों को नयी दिल्ली और हैदराबाद ले जाया जाएगा।

कोविड-19: तीन सौ भारतीय नागरिकों के साथ एअर इंडिया का विशेष विमान अमेरिका से रवाना

न्यूयार्क, 15 मई कोविड-19 महामारी के कारण अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर प्रतिबंध के चलते अमेरिका में फंसे तीन सौ से अधिक भारतीय नागरिक विशेष विमान से भारत लौट रहे हैं जिनमें संयुक्त राष्ट्र में भारत के पूर्व स्थायी प्रतिनिधि सैयद अकबरुद्दीन भी शामिल हैं।

अमेरिका से छठी और न्यू जर्सी शहर से दूसरी उड़ान से भारत वापस आ रहे यात्रियों को नयी दिल्ली और हैदराबाद ले जाया जाएगा।

भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए एअर इंडिया ने अमेरिका और भारत के बीच नौ से 15 मई तक सात गैर-निर्धारित वाणज्यिक उड़ानें तय की थीं।

न्यू जर्सी के नेवार्क लिबर्टी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से नयी दिल्ली/हैदराबाद जाने वाले, एअर इंडिया के विमान ने तीन सौ से अधिक यात्रियों के साथ 14 मई को उड़ान भरी।

अमेरिका से भारत की ओर आ रही यह छठी गैर-निर्धारित वाणज्यिक उड़ान है।

सैन फ्रांसिस्को से मुंबई और हैदराबाद के लिए शनिवार को पहले विमान ने उड़ान भरी थी।

अकबरुद्दीन 30 अप्रैल को सेवानिवृत्त हो गए थे और वे 14 मई की उड़ान से नेवार्क से हैदराबाद वापस आ रहे हैं।

अकबरुद्दीन ने वंदे भारत मिशन हैश टैग के साथ एअर इंडिया के विमान का चित्र पोस्ट करते हुए ट्वीट किया, “जहां दिल है वहीं घर है। न्यूयार्क और संयुक्त राष्ट्र को अलविदा। आज घर की ओर बढ़ रहा हूं। भारत माता की गोद में हमें वापस लाने के लिए जो लोग काम कर रहे हैं उनका तहे दिल से आभार।”

कोविड-19 महामारी के कारण अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर लागू प्रतिबंधों के चलते विदेश में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए चलाया जा रहा यह अब तक का सबसे बड़ा मिशन है।

अमेरिका में भारत के राजदूत तरनजीत सिंह संधू ने ट्वीट किया, “हमारे नागरिकों को वापस घर लाने में मदद कर रहे हैं। अमेरिका से छठी उड़ान नेवार्क से दिल्ली और हैदराबाद की ओर।’’

न्यूयार्क में महावाणिज्य दूतावास ने भी ट्वीट किया, “नेवार्क से दिल्ली और हैदराबाद जाने वाली दूसरी उड़ान में 14 मई 2020 को सवार होते भारतीय नागरिक। शुभ यात्रा।”

न्यू जर्सी से भारतीय शहरों मुंबई और अहमदाबाद के लिए पहली गैर-निर्धारित उड़ान 10 मई को रवाना हुई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 15, 2020 04:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).