देश की खबरें | कोटकपूरा गोलीकांड : एसआईटी ने पंजाब के पूर्व डीजीपी सुमेध सैनी से पूछताछ की

चंडीगढ़, तीन अगस्त पंजाब में फरीदकोट के कोटकपूरा गोलीकांड मामले की जांच कर रहे राज्य पुलिस के विशेष जांच दल (एसआईटी) ने बुधवार को पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सुमेध सैनी से यहां कई घंटे तक पूछताछ की। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

एसआईटी प्रमुख अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एल.के. यादव ने पंजाब के पूर्व डीजीपी सैनी को यहां पंजाब पुलिस अधिकारी संस्थान में पेश होने के लिए समन जारी किया था। सैनी सुबह करीब 11:30 बजे एसआईटी के समक्ष पेश हुए।

फरीदकोट जिले के कोटकपूरा और बहबल कलां में 2015 में हुए गोलीकांड मामले में सैनी का नाम बतौर आरोपी शामिल है। सैनी को पिछले महीने भी तलब किया गया था, लेकिन वह पेश नहीं हुए थे।

पिछले महीने, पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय ने 2015 के बहबल कलां गोलीकांड मामले में पंजाब पुलिस की जांच के खिलाफ सैनी और अन्य आरोपी पुलिस अधिकारियों द्वारा दायर याचिकाओं को खारिज कर दिया था।

सैनी और अन्य ने एसआईटी द्वारा दर्ज प्राथमिकी को रद्द करने और मामले को सीबीआई को स्थानांतरित करने का अनुरोध किया था।

बेअदबी मामले के खिलाफ जारी विरोध-प्रदर्शन के दौरान बहबल कलां में पुलिस गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई थी जबकि कोटकपूरा में कई लोग घायल हुए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)