देश की खबरें | दुर्गा पूजा से पहले कोलकाता के बाजारों में भीड़ उमड़ी
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

कोलकाता, 19 अक्टूबर दुर्गा पूजा से पहले कोलकाता के मशहूर बाजार लोगों से खचाखच भर गए, जहां अधिकतर लोग मास्क पहनने और सामाजिक दूरी बनाए रखने जैसे कोविड-19 के दिशा-निर्देशों की अनदेखी करते नजर आए।

महामारी के दौरान बाजार आने पर सवाल किए जाने पर गृहिणी रिम्पा साहा ने कहा, ‘‘ दुर्गा पूजा है और खरीदारी तो करनी है, चाहे कारोना हो या नहीं।’’

यह भी पढ़े | Earthquake In Andaman and Nicobar islands: अंडमान और निकोबार क्षेत्र में महसूस किए गए भूकंप के झटके, तीव्रता 5.1 मापी गई.

गरियाहाट, नया बाजार , हाटीबागान जैसे बाजारों में साहा जैसे हजारों लोग बंगाल के सबसे बड़े त्योहार के शुरू होने से पहले के आखिरी रविवार को नजर आए।

उत्तरी कोलकाता के हाटीबागान में एक फेरी वाले अमित ने मास्क ना पहनने पर कहा, ‘‘ मैं इसे मुंह पर पहनकर अपने ग्राहकों से बात नहीं कर पाता।’’

यह भी पढ़े | Special Trains For Festival: भारतीय रेलवे कल से विशेष ‘फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का संचालन करेगा, पढ़ें पूरी डिटेल्स.

उन्होंने कहा,‘‘ आपको पता है हमने इतने महीने कैसे बिताए? कम से कम अब पिछले दो सप्ताह से ग्राहक आ रहे हैं।’’

सोदपुर, दमदम, गरिया और सोनारपुर के उपनगरीय बाजारों में भी नजारा ऐसा ही था।

सोदपुर में साड़ी की दुकान के मालिक दुलाल लाहिड़ी ने कहा, ‘‘ त्योहार के दौरान उचित रूप से सामाजिक दूरी बनाना मुमकीन नहीं है। हालांकि हम आने वाले लोगों को नियंत्रित कर रहे हैं और हर ग्राहक को सैनिटाइज़र भी दे रहे हैं।’’

महानगर की सड़कों पर लोगों की भीड़ से स्वास्थ्य विशेषज्ञों की चिंता बढ़ गई है, जो बड़े पैमाने पर संक्रमण और कोरोना वायरस की दूसरी लहर को लेकर डर रहे हैं।

जन स्वास्थ्य विशेषज्ञ काजल कृष्ण बनिक ने कहा, ‘‘ हम बस उम्मीद कर सकते हैं कि लोग भीड़ लगाने से बचें और कोविड-19 के दिशा-निर्देशों का पालन करें। हमें स्थिति के प्रति जागरूक रहना होगा।’’

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पश्चिम बंगाल में रविवार को कोविड-19 से 64 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या छह हजार के पार चली गई और 3,983 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमण के मामले बढ़कर 3,21,036 हो गए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)