खेल की खबरें | कोहली ने गेंद पर लगायी लार, तुरंत हुआ गलती का अहसास

दुबई, पांच अक्टूबर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) के कप्तान विराट कोहली ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच के दौरान गलती से गेंद पर लार लगाकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के कोविड-19 प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया।

दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में दिल्ली के खिलाफ मैच में कोहली ने शार्ट कवर पर क्षेत्ररक्षण करते हुए अपनी तरफ तेजी से आती गेंद को रोका और उसके बाद उस पर लार लगा दी। यह घटना दिल्ली की पारी के तीसरे ओवर में घटी जब सलामी बल्लेबाज पृथ्वी सॉव ने तेज गेंदबाज नवदीप सैनी की तीसरी गेंद को ड्राइव किया था।

यह भी पढ़े | MI vs RR 20th IPL Match 2020: मंगलवार को मुंबई इंडियंस का सामना राजस्थान रॉयल्स के साथ.

कोहली को हालांकि तुरंत ही अपनी गलती का अहसास हो गया था।

पिछले सप्ताह राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाज रोबिन उथप्पा ने कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ क्षेत्ररक्षण करते समय गेंद पर लार लगा दी थी।

यह भी पढ़े | भुवनेश्वर कुमार और अमित मिश्रा चोट की वजह से IPL 2020 से हुए बाहर.

आईसीसी ने कोविड-19 महामारी के कारण इस साल जून में गेंद को चमकाने के लिये लार के उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया था।

इस खेल की मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार, ‘‘अगर खिलाड़ी गेंद पर लार लगाता है तो अंपायर इस स्थिति से निबटेंगे और खिलाड़ियों की इस नयी प्रक्रिया से तालमेल बिठाने के शुरुआती चरण के दौरान उदारता बरतेंगे लेकिन आगे इस तरह की घटना पर टीम को चेतावनी दी जाएगी। ’’

आईसीसी दिशानिर्देशों में कहा गया है, ‘‘एक टीम को प्रत्येक पारी में दो चेतावनी जारी की जा सकती है लेकिन गेंद पर लार के लगातार उपयोग पर पांच रन की पेनल्टी लगायी जाएगी। जब भी गेंद पर लार का उपयोग किया जाएगा तब अंपायरों को गेंद साफ करनी होगी। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)