कोटा, छह जून राजस्थान के कोटा में 14 वर्षीय किशोर ने देर रात तक पबजी खेलने के बाद शनिवार तड़के कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
रेलवे कॉलोनी पुलिस थाने के प्रभारी हंसराज मीणा ने बताया कि किशोर नौवीं कक्षा का छात्र था और उसके पिता सेना में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह किशोर बेडरूम में बने रोशनदान के जंगले में लगे फंदे से लटका मिला।
मीणा ने बताया कि किशोर के परिवार के मुताबिक उसने तीन दिन पहले ही अपनी मां के फोन पर पबजी गेम डाउनलोड किया था और लगातार उसपर खेल रहा था।
उन्होंने बताया कि किशोर रात तीन बजे तक उस कमरे में पबजी खेल रहा था, जहां पर उसका भाई पढ़ाई कर रहा था। इसके बाद वह बगल के कमरे में सोने चला गया।
मीणा ने बताया कि सुबह वह रोशनदान के जंगले में लगे फंदे से लटका मिला। तुरंत किशोर को एमबीएस अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों से उसे मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि किशोर का परिवार मूल रूप से तमिलनाडु का है और यहां गांधी कॉलोनी में रहता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY