खेल की खबरें | किंग्स इलेवन पंजाब, राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइटराइडर्स यूएई पहुंची

दुबई, 20 अगस्त राजस्थान रॉयल्स, किंग्स इलेवन पंजाब और कोलकाता नाइटराइडर्स की टीमें 19 सितंबर से शुरू हो रही इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के लिये गुरूवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पहुंच गयीं।

राजस्थान और पंजाब की टीम विशेष विमान के जरिये दुबई पहुंची क्योंकि मौजूदा स्वास्थ्य संकट के कारण इस आईपीएल में यही आदर्श होगा। शाम में कोलकाता नाइटराइडर्स की टीम भी अबुधाबी पहुंच गयी जहां टूर्नामेंट के दौरान उनकी टीम रहेगी।

यह भी पढ़े | IPL 2020 Update: बीसीसीआई UAE में बढ़ते कोरोना के संक्रमण को लेकर चिंतित, खिलाड़ियों से कहा, कोविड-19 प्रोटोकॉल न तोड़ने.

खिलाड़ियों का रवानगी से पहले कई बार परीक्षण कराया जा चुका है और अब उन्हें छह दिन के पृथकवास में रहना होगा जिसमें पहले, तीसरे और छठे दिन कोविड-19 जांच की जायेगी। अगर वे इसमें नेगेटिव आते हैं तो ही वे टूर्नामेंट के ‘बायो-बबल’ में प्रवेश कर पायेंगे और ट्रेनिंग करना शुरू कर देंगे।

साथ ही टूर्नामेंट के दौरान हर पांचवें दिन खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ का परीक्षण कराया जायेगा।

यह भी पढ़े | IPL 2020 Update: रविचंद्रन अश्विन दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़ने के लिए रवाना हुए दिल्ली, देखें तस्वीर.

इन तीनों टीमों ने रवानगी से पहले अपने खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ की फोटो पोस्ट की। राजस्थान रॉयल्स की टीम पूरी तरह से सुरक्षा ‘गियर’ में कवर थी।

गत चैम्पियन मुंबई इंडियंस, चेन्नई सुपरकिंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की टीमें शुक्रवार को यूएई पहुंच जायेंगी जबकि अन्य दो टीमें सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स की टीमें सप्ताह के अंत में पहुंचेगी।

आईपीएल के 60 मैच तीन स्थलों - दुबई, अबुधाबी और शारजाह - में 53 दिन तक खेले जायेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)