भिंड (मध्यप्रदेश), 13 सितंबर शहर के सदर कोतवाली थाना क्षेत्र से 28 वर्षीय एक दुकानदार की कथित रूप से दिन दहाड़े चार लोगों ने अपहरण कर लिया। सभी आरोपी पुलिस की वर्दी में थे।
चंबल रेंज के पुलिस महानिरीक्षक मनोज शर्मा ने रविवार को बताया कि वीरेंद्र नगर मोहल्ले के निवासी प्रेम किशोर गुप्ता का शनिवार शाम करीब पांच बजे आंध्रा बैंक के सामने से चार लोगों ने अपहरण कर लिया।
उन्होंने कहा कि घटना के वक्त गुप्ता बाजार से अपनी मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। जैसे ही वह आंध्रा बैंक के सामने पहुंचे, वहां पर चार पहिया वाहन खड़ी कर पुलिस की वर्दी पहने इन आरोपियों ने उसका रास्ता रोका और उसके साथ हाथापाई की।
शर्मा ने बताया कि बाद में आरोपियों ने गुप्ता को जबरदस्ती चार पहिया वाहन में बिठाया और उसका अपहरण कर लिया।
उन्होंने कहा कि घटना के बाद उसके परिजनों ने सिटी कोतवाली पुलिस थाने में अपहरण का मामला दर्ज कराया है।
शर्मा ने बताया कि गुप्ता के अपहरणकर्ताओं को पकड़ने एवं उसे उनके चंगुल से छुड़ाने के लिए भिंड जिले में पुलिस सघन जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि अभी तक कोई गिरफ्तार नहीं हुई है।
वहीं, इस घटना से शहर में आम व्यापारियों के बीच आक्रोश है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY