देश की खबरें | खरगे ने 50वां वनडे शतक बनाने के लिए विराट कोहली को बधाई दी

नयी दिल्ली, 15 नवंबर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 50वां एकदिवसीय शतक बनाकर देश को गौरवान्वित करने के लिए विराट कोहली को बुधवार को बधाई दी और कहा कि यह उपलब्धि युवा क्रिकेटरों को प्रेरित करेगी।

खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘एकदिवसीय क्रिकेट में 50 शतक पूरे करके भारत को गौरवान्वित करने के लिए विराट कोहली को धन्यवाद, यह आपकी कड़ी मेहनत और प्रतिभा का प्रमाण है।’’

खरगे ने कहा, ‘‘आपका उल्लेखनीय रिकॉर्ड युवा महत्वाकांक्षी क्रिकेटरों को प्रेरित करेगा और यह खेल प्रशंसकों के लिए व्यापक खुशी लेकर आया है। इस अभूतपूर्व उपलब्धि के लिए बहुत-बहुत बधाई। हम आपके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं।’’

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने भी यह उपलब्धि हासिल करने के लिए कोहली की सराहना की और कहा, ‘‘विराट कोहली को एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पचास शतक बनाकर एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए बधाई। उन्होंने मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़कर एक बार फिर भारत के लिए यह उपलब्धि हासिल की है। भविष्य के मैचों के लिए टीम इंडिया को शुभकामनाएं।’’

विराट कोहली बुधवार को मुंबई में न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व कप सेमीफाइनल के दौरान अपने आदर्श सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ते हुए खेल के इतिहास में 50 एकदिवसीय शतक बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए।

कोहली ने तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन की गेंद को स्क्वायर लेग पर खेल कर दो रन के साथ 106 गेंद में अपना शतक पूरा किया। उन्होंने करियर की 279 वीं पारी में शतकों का अर्धशतक पूरा किया।

कोहली ने वानखेड़े स्टेडियम में महान तेंदुलकर की मौजूदगी में यह उपलब्धि हासिल की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)