देश की खबरें | केरल : दो दिन पहले कुएं में मिट्टी धंसने से दबे व्यक्ति का शव निकाला गया

तिरुवनंतपुरम, 10 जुलाई तिरुवनंतपुरम में विझिंजम के समीप एक कुएं में मिट्टी धंसने से मलबे में दबे व्यक्ति का शव 48 घंटे से अधिक की कड़ी मशक्कत के बाद सोमवार को निकाल लिया गया।

टीवी चैनलों पर प्रसारित फुटेज में सुबह करीब 10 बजे कुएं से शव को निकालते हुए देखा गया।

दमकलकर्मियों, पुलिस और स्वयंसेवियों के अथक प्रयासों के बाद शव को कुएं से निकाला गया।

इस घटना के बारे में शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे सूचना मिली थी और तब से विझिंजम पुलिस, दमकल सेवा के कर्मी और स्थानीय स्वयंसेवी करीब 100 फुट गहरे कुएं में फंसे 55 वर्षीय महाराजन को निकालने का प्रयास कर रहे थे।

दमकल सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि सुबह तक इतनी मिट्टी निकाल ली गयी थी कि महाराजन का आधा शव दिखने लगा था।

उन्होंने बताया कि अभियान में कुएं के तल पर पानी और ऊपर से लगातार गिर रही मिट्टी प्रमुख बाधा बनी। बचाव अभियान शनिवार सुबह शुरू किया गया था।

मशीनों से पानी निकालने के प्रयास कामयाब नहीं होने और कुएं के ऊपरी हिस्से से लगातार मिट्टी गिरने के कारण 100 फुट या उससे अधिक गहरायी के कुओं में काम करने में विशेषज्ञता रखने वाला एक समूह रविवार रात को कोल्लम जिले से आया था।

अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) का एक दल भी आधी रात के आसपास पहुंचा।

महाराजन कई वर्षों से इस जिले में रह रहा था। पुलिस ने बताया कि वह विझिंजम के समीप मुक्कोला में कुएं की मरम्मत करने के दौरान मिट्टी धंसने से मलबे में दब गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)