देश की खबरें | केरल पुलिस ने 'नव केरल सदास' के स्थानों को अस्थायी तौर पर प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया

तिरुवनंतपुरम, 20 दिसंबर केरल सरकार के महत्वाकांक्षी 'नव केरल सदास' कार्यक्रम के राजधानी में पहुंचने के साथ राज्य की पुलिस ने बुधवार को इससे जुड़े विभिन्न आयोजन स्थलों, आसपास के क्षेत्रों और संबंधित मार्गों को अस्थायी तौर पर प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित कर दिया।

इन क्षेत्रों में आधिकारिक इस्तेमाल को छोड़कर ड्रोन और ड्रोन कैमरों के उपयोग पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है।

इस संबंध में जिला पुलिस प्रमुख किरण नारायणन ने एक आदेश जारी किया।

इसमें बताया गया कि आज से 'नव केरल सदास' का आयोजन वर्कला, अटिंगल, मंगलापुरम, वेंजारामूडु, नेदुमंगडु, आर्यनाड, कट्टक्कडा, नेय्याट्टिनकारा और परसाला थानों की सीमा के भीतर आने वाले स्थानों पर किया जा रहा है। यह स्थान ग्रामीण तिरुवनंतपुरम के अंतर्गत आते हैं।

सहायक पुलिस अधीक्षक नारायणन ने आदेश में कहा कि विस्तृत निरीक्षण के दौरान यह सामने आया है कि ड्रोन और ड्रोन कैमरों की तैनाती से कार्यक्रम के सुचारू संचालन में बाधा उत्पन्न होगी।

इसे ध्यान में रखते हुए ड्रोन नियम 2021 की धारा 24 (2) के तहत इन क्षेत्रों में ड्रोन के उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

आदेश में कहा गया है कि ये विशेष क्षेत्र आज से तीन दिनों के लिए सुबह छह बजे से रात आठ बजे तक अस्थायी तौर पर प्रतिबंधित क्षेत्र रहेंगे।

'नव केरल सदास' की शुरुआत बीते माह हुई थी जो 23 दिसंबर को संपन्न हो जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)