देश की खबरें | केरल : आठ वर्षीय बच्ची को अगवा कर यौन उत्पीड़न करने के आरोपी को पुलिस ने पकड़ा

कोच्चि, सात सितंबर केरल में बृहस्पतिवार को आठ वर्षीय बच्ची का कथित तौर पर अपहरण और उसका यौन उत्पीड़न करने के बाद उसे मध्य केरल के अलुवा इलाके में एक खेत में छोड़ने के संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस ने घटना के कुछ घंटे बाद पकड़ लिया।

आरोपी क्रिस्टल राज (27) को पुलिस की एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने आज शाम अलुवा के पास मार्तंड वर्मा पुल से पकड़ा, जहां छिपकर वह शराब पी रहा था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी फिलहाल पुलिस की हिरासत में है और एसआईटी उससे पूछताछ कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, तिरुवनंतपुरम जिले के नेय्याट्टिनकारा का रहने वाला राज कई आपराधिक मामलों में संदिग्ध है।

चश्मदीदों के मुताबिक, आरोपी ने पास की नदी में कूदकर पुलिस से बचने का प्रयास किया, लेकिन स्थानीय निवासियों की मदद से उसे पकड़ लिया गया।

समाचार चैनलों पर प्रसारित दृश्यों में पुलिस द्वारा इलाके में रहने वाले लोगों की मदद से संदिग्ध को पकड़ते हुए और घटनास्थल से ले जाते हुए दिखाया गया है।

लोगों ने मीडिया को बताया कि घटना के बाद से ही पुलिस सादे लिबास में इलाके में अपराधी की तलाश कर रही थी।

पुलिस ने बताया कि पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत स्थिर है।

उसने बताया कि घटना में आई चोटों के कारण लड़की की सर्जरी की गई है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने यहां अलुवा में उस समय बच्ची के घर के बाहर से उसका अपहरण कर लिया, जब वह सो रही थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)