देश की खबरें | केरल : मुस्लिम समुदाय के लोगों ने हर्षोल्लास के साथ बकरीद का त्योहार मनाया

तिरुवनंतपुरम, 29 जून केरल में बृहस्पतिवार को मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा की और और हर्षोल्लास के साथ ईद-उल-अजहा (बकरीद) त्योहार मनाया।

बकरीद को 'बलिदान के त्योहार' के रूप में मनाया जाता है। इस मौके पर मुस्लिम समुदाय के लोग बड़ी संख्या में सुबह की नमाज के लिए मस्जिदों और ईदगाहों में इकट्ठा हुये।

वहीं, मौलवियों और शोधार्थियों ने मस्जिदों में लोगों को बकरीद पर शुभकामनाएं दीं और ईद का संदेश पढ़कर उनसे इस्लाम के मूल्यों और आदर्शों पर चलने का आग्रह किया।

केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम के मध्य में स्थित प्रसिद्ध पलायम जुमा मस्जिद में इमाम वी.पी. सुहैब मौलवी की अगुवाई में नमाज पढ़ी गई।

उन्होंने, अपने संबोधन के दौरान देश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने के केंद्र सरकार के कदम की कड़ी आलोचना की और कहा कि यह लोगों के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन है।

उन्होंने कहा, "हमारा देश अपनी विविध धार्मिक मान्यताओं और संस्कृतियों के लिए जाना जाता है। अगर यहां समान नागरिक संहिता लागू होती है, तो यह देश की विविधता के लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी।"

राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता वी डी सतीशन ने भी लोगों को बकरीद की शुभकामनाएं दी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)