पथनमथिट्टा (केरल), 14 मई केरल में सत्तारूढ़ माकपा के विधायक केयू जेनिश कुमार ने कोन्नी के निकट बिजली के करंट से एक जंगली हाथी की मौत के सिलसिले में वन विभाग द्वारा हिरासत में लिए गए एक व्यक्ति को कथित तौर पर जबरन रिहा करा दिया। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
हाथी कोन्नी नदवथुम्मूझी रेंज में पदम वन स्टेशन के तहत एक अनानास बागान में मृत मिला था।
वन अधिकारियों को संदेह था कि अनानास की खेती के लिए पट्टे पर ली गई कृषि भूमि पर लगाए गए सौर बाड़ से उत्पन्न करंट के कारण हाथी की मौत हुई थी। इसी सिललिसे में एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था।
हिरासत में लिए जाने की जानकारी मिलने पर कोन्नी विधायक वन कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों से बहस की। उन्होंने उस व्यक्ति की रिहाई की मांग की, जिसे अंततः स्वीकार कर लिया गया। इस मामले का वीडियो फुटेज सामने आया है।
विधायक ने कथित तौर पर अधिकारियों को धमकी दी तथा बलपूर्वक उस व्यक्ति को हिरासत से छुड़ा लिया।
समाचार चैनलों पर प्रसारित फुटेज में विधायक गुस्से में अधिकारियों से सवाल करते सुने जा सकते हैं: "आप झूठे आरोपों में निर्दोष लोगों को गिरफ्तार कर रहे हैं? अपने पद का दुरुपयोग न करें। क्या आप इंसान हैं? क्या यह हिरासत वैध थी? गिरफ्तारी रिपोर्ट कहां है?"
कुमार ने अपने कदम का बचाव करते हुए दावा किया कि उन्होंने तब हस्तक्षेप किया था जब उन्हें पता चला कि हाथी की मौत के मामले में वन अधिकारियों ने एक प्रवासी श्रमिक को अनुचित तरीके से हिरासत में लिया है।
वन अधिकारियों ने इस घटनाक्रम पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY