मलप्पुरम (केरल) , 26 जून इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) ने हाल में केरल के कोझीकोड जिले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने और वहां भाषण देने को लेकर अपने वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक के.एन.ए. खादर को रविवार को चेतावनी दी।
दार्शनिक और वक्ता खादर को कुछ दिनों पहले कोझीकोड में सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘स्नेहबोधी’ में सम्मानित किया गया था।
आरएसएस द्वारा प्रायोजित कार्यक्रम में, अपने भाषण में उन्होंने गुरुवायुर के श्री कृष्ण मंदिर में प्रवेश करने की अपनी इच्छा जताई थी।
कार्यक्रम में अपने भाषण में उन्होंने कहा था, ‘‘मुझे उत्तर भारत में कई मंदिरों में जाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ, लेकिन गुरुवायुर में श्री कृष्ण मंदिर में प्रवेश नहीं कर सका।’’
इसके बाद, आईयूएमएल नेतृत्व ने खादर से एक स्पष्टीकरण मांगा था।
आईयूएमएल ने रविवार को जारी एक बयान में कहा कि पार्टी की उच्च अधिकार प्राप्त समिति की दिन में हुई बैठक में खादर द्वारा दिये गये स्पष्टीकरण पर चर्चा की गई और पार्टी की परंपरा को नजरअंदाज करने को लेकर उन्हें चेतावनी देने का फैसला किया गया।
पार्टी ने खादर को अधिक सावधानी बरतने की चेतावनी दी और यह सुनिश्चित करने को कहा कि उनके द्वारा दिये जाने वाले भाषण एवं सार्वजनिक बयान पार्टी की नीतियों व परंपरा के अनुरूप हों।
वेंगारा के पूर्व विधायक खादर 2021 का विधानसभा चुनाव गुरुवायुर सीट से हार गये थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY