तिरुवनंतपुरम, 26 मार्च केंद्र ने केरल के उद्योग मंत्री पी राजीव और उनके दल को वाशिंगटन में ‘अमेरिकन सोसायटी फॉर पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन’ (एएसपीए) के वार्षिक सम्मेलन में राज्य में ‘उद्यम वर्ष’ के बारे में बोलने के लिए हिस्सा लेने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है।
राजीव ने बुधवार को फेसबुक पर एक पोस्ट में केंद्र सरकार के कदम की निंदा करते हुए इसे "असाधारण" बताया।
एएसपीए का निमंत्रण 28 मार्च से एक अप्रैल तक वाशिंगटन डीसी में आयोजित होने वाले सम्मेलन में ‘आन्ट्रप्रनर्शिप इकोसिस्टम पॉलिसी एंड सक्सेसफुल इम्प्लीमेंटेशन: ए केस स्टडी आफ द ईयर आफ इंटरप्राइजेज’ विषय पर प्रस्तुति देने के लिए था।
मंत्री, उद्योग विभाग के प्रधान सचिव मुहम्मद हनीश और केरल राज्य औद्योगिक विकास निगम (केएसआईडीसी) के प्रबंध निदेशक एस हरिकिशोर को सम्मेलन में प्रस्तुति देनी थी।
केंद्र सरकार ने इन सभी को अमेरिका जाने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है।
राजीव ने पोस्ट में कहा, ‘‘केरल ने विश्व मंच पर गर्व से खड़े होने का अवसर गंवा दिया है।’’
राजीव के नेतृत्व वाला दल 28 मार्च को वाशिंगटन डीसी पहुंचने और 30 मार्च को लौटने की योजना बना रहा था।
उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे सम्मेलन में केवल व्यक्तिगत प्रस्तुतियां ही दी जाती हैं, जिसमें 152 देशों के प्रतिनिधि भाग लेते हैं। आयोजक भी इस बात से हैरान हैं कि हमारे दल को एएसपीए सम्मेलन में भाग लेने की अनुमति नहीं दी गई।’’
उन्होंने कहा कि वैश्विक सम्मेलन में केरल को मान्यता नहीं दिए जाने के विचार की निंदा की जानी चाहिए। मंत्री ने बताया कि उन्होंने आयोजकों से पूछा है कि क्या केंद्र के निर्णय के मद्देनजर सम्मेलन में इस विषय पर ऑनलाइन प्रस्तुति की अनुमति दी जाएगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY