तिरुवनंतपुरम, 17 मार्च केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने सोमवार को घोषणा की कि क्षेत्रीय कैंसर केंद्र (आरसीसी) तिरुवनंतपुरम और मालाबार कैंसर केंद्र (एमसीसी), थलस्सेरी ने रोबोटिक सर्जरी इकाई सहित अत्याधुनिक कैंसर उपचार सुविधाएं शुरू की हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह पहला मौका है जब सरकारी क्षेत्र में यह सुविधा शुरू की गयी है।
माकपा विधायक वी. जॉय द्वारा विधानसभा में कैंसर ग्रिड प्रणाली के बारे में पूछे गए प्रश्न का जवाब देते हुए जॉर्ज ने कहा कि नव केरल कार्य योजना-2 आर्द्रम मिशन के तहत राज्य में 10 मुख्य उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए गतिविधियां की जा रही हैं।
मंत्री ने कहा कि उनमें से एक कैंसर नियंत्रण एवं रोकथाम है।
जॉर्ज ने कहा कि कैंसर ग्रिड स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी जिलों में कैंसर रोगियों, रोग उपचार प्रणालियों, डायग्नोस्टिक लैब एवं कैंसर उपचार केंद्रों के समन्वय के लिए तैयार किया गया एक नेटवर्क है।
कैंसर ग्रिड प्रणाली राज्य के तीन कैंसर केंद्रों, मेडिकल कॉलेजों में कैंसर उपचार इकाइयों और स्वास्थ्य विभाग में कैंसर देखभाल इकाइयों को परिवार स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर जिला अस्पतालों तक के स्वास्थ्य संस्थानों से जोड़कर काम करती है।
उन्होंने कहा कि चार फरवरी 2025 को मुख्यमंत्री ने लोकप्रिय कैंसर रोकथाम अभियान ‘आरोग्यम आनंदम-अक्ततम अर्बुधम’ का उद्घाटन किया और कैंसर ग्रिड की शुरूआत की गयी ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY