देश की खबरें | केरल: किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में चार प्रवासी मजदूर गिरफ्तार

कोझिकोड (केरल), 24 सितंबर केरल के कोझिकोड जिले में एक किशोरी से दुष्कर्म करने और उसे रेल पटरियों के पास छोड़ देने के आरोप में शनिवार को चार प्रवासी मजदूरों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, उत्तर प्रदेश की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी अपनी बहन से मिलने के लिए वाराणसी से ट्रेन से चेन्नई जा रही थी, इस दौरान कुछ यात्रियों से उसकी बातचीत हुई।

सूत्रों ने बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर किशोरी को बहकाया और उसे चेन्नई स्टेशन पर उतरने के बजाय ट्रेन का सफर जारी रखने के लिए मजबूर किया। बाद में, आरोपी पलक्कड़ स्टेशन पर उतर कर सड़क मार्ग से किशोरी के साथ कोझिकोड के लिए रवाना हुए।

सूत्रों ने बताया कि आरोपी पीड़िता को पलयम के एक लॉज में ले गये, जहां चारों आरोपियों ने उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। सूत्रों ने बताया कि चारों आरोपी वारदात के बाद किशोरी को रेलवे स्टेशन ले गये और उसे पटरियों के पास छोड़ दिया।

पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के ही रहने वाले हैं।

पुलिस के अनुसार, उक्त घटना के सिलसिले में यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण(पोक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)