त्रिशूर (केरल), 30 अगस्त केरल में अखिल महिला नेटवर्क कुदुम्बश्री की 7,000 से अधिक सदस्यों ने यहां स्थानीय कॉलेज के मैदान में बुधवार को एक विशाल 'तिरुवतिरा' का मंचन कर अनोखा रिकॉर्ड बनाया।
तिरुवतिरा केरल का पारंपरिक समूह नृत्य है, जिसका मंचन मुख्य रूप से ओणम त्योहार के दौरान किया जाता है, जो मलयालम महीने चिंगम में आता है। यह मलयालम महीने धनु में भी किया जाता है।
केरल के त्रिशूर जिले में स्थित कुट्टनेल्लूर सरकारी कॉलेज के मैदान पर कुदुम्बश्री सदस्यों द्वारा विशाल 'तिरुवतिराकली (तिरुवतिरा नृत्य) का मंचन किया गया।
यहां एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि इसने तिरुवतिरा के अब तक के सबसे बड़ी प्रस्तुति का विश्व रिकॉर्ड जीता।
बयान में कहा गया कि प्रतिभागियों की सबसे अधिक संख्या (7027 नर्तकियों) के कारण प्रस्तुति को पहले ही लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स और टैलेंट वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में जगह मिल चुकी है।
प्रस्तुति के तुरंत बाद अधिकारियों द्वारा टैलेंट वर्ल्ड रिकॉर्ड्स का प्रमाण पत्र कुदुम्बश्री प्रतिनिधियों को सौंप दिया गया। बयान में कहा गया कि लिम्का रिकॉर्ड्स का प्रमाणपत्र बाद में सौंपा जाएगा।
कुदुम्बश्री मिशन ने यहां बताया कि इसे गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज कराने के लिए जल्द ही कदम उठाए जाएंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY