चंडीगढ, 28 जनवरी हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल की यह टिप्पणी कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ‘यमुना में जहर मिला रही है’ सिर्फ और सिर्फ एक ‘राजनीतिक स्टंट’ है, जिसका उद्देश्य दिल्ली चुनाव में मतदाताओं को प्रभावित करना और अपनी विफलताओं से ध्यान भटकाना है।
यहां एक आधिकारिक बयान के अनुसार, सैनी ने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में वजीराबाद जल उपचार संयंत्र को उन्नत करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया।
सैनी ने कहा कि इस मुद्दे को निर्वाचन आयोग के समक्ष उठाया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केजरीवाल की टिप्पणी आम आदमी पार्टी द्वारा आगामी दिल्ली विधानसभा चुनावों में मतदाताओं को प्रभावित करने और अपनी विफलताओं से ध्यान भटकाने के उद्देश्य से की गई एक ‘राजनीतिक चाल’ है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी को विश्वसनीय जल आपूर्ति सुनिश्चित करना एक सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसे हरियाणा पूरी लगन और बिना किसी कमी के पूरा कर रहा है।
सैनी ने दिल्ली में ‘आप’ सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 2021 में उन्होंने एक याचिका दायर की थी, जिस पर केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने जवाब दिया था।
उन्होंने कहा, “सीपीसीबी के जवाब में वजीराबाद संयंत्र में अमोनिया के मुद्दे को उजागर किया गया और उल्लेख किया गया कि आगरा में एक जल उपचार संयंत्र है, जो 24 मिलीग्राम/लीटर तक अमोनिया स्तर वाले पानी को उपचारित करने में सक्षम है।”
बयान के अनुसार, सैनी ने कहा, “दिल्ली सरकार ने हालांकि वजीराबाद संयंत्र को उन्नत बनाने के लिए कोई कदम नहीं उठाया। नतीजतन, दिल्ली के लोग अभी भी दूषित पानी पीने को मजबूर हैं, जबकि अरविंद केजरीवाल अब अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए हरियाणा पर आरोप लगा रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि हरियाणा के लोग पवित्र यमुना नदी को अपनी मां मानते हैं।
सैनी ने कहा, “यमुना हरियाणा और दिल्ली दोनों के लिए जीवनदायिनी है और इसकी पवित्रता को बनाए रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।”
सैनी ने केजरीवाल द्वारा लगाए गए आरोपों की निंदा करते हुए इसे हरियाणा और यहां के लोगों की आस्था का अपमान बताया।
उन्होंने कहा कि केजरीवाल के आरोप न केवल निराधार हैं बल्कि हरियाणा की सांस्कृतिक परंपराओं और मान्यताओं का भी अपमान करते हैं।
उन्होंने आश्वासन दिया कि हरियाणा सरकार दिल्ली को पानी की शुद्धता और निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY