देश की खबरें | हरियाणा के आदमपुर में केजरीवाल करेंगे ‘‘तिरंगा यात्रा’’ का नेतृत्व

चंडीगढ़, आठ सितंबर दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल बृहस्पतिवार को हरियाणा के आदमपुर में ‘‘तिरंगा यात्रा’ का नेतृत्व करेंगे और एक रैली को संबोधित करेंगे।

केजरीवाल दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को हरियाणा पहुंचे थे। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान उनके साथ हैं।

आम आदमी पार्टी (आप) ने कहा कि ‘‘तिरंगा यात्रा’’ हिसार के आदमपुर के क्रांति चौक से शुरू होगी।

पार्टी ने कहा कि केजरीवाल बाद में आदमपुर मंडी में एक रैली को संबोधित करेंगे।

हरियाणा विधानसभा से विधायक के तौर पर कुलदीप बिश्नोई के इस्तीफे के बाद आदमपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना तय है जिसके मद्देनजर दिल्ली के मुख्यमंत्री का हिसार दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बिश्नोई कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। आदमपुर सीट को बिश्नोई का गढ़ माना जाता है।

इसके अलावा हरियाणा में पंचायत चुनाव भी होने हैं।

केजरीवाल ने बुधवार को हिसार से अपनी पार्टी के ‘‘मेक इंडिया नंबर 1’’ अभियान की शुरुआत की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)